अल्मोड़ा: मलबे में दबे परिवार के पांच सदस्य, एक महिला की मौत
अल्मोड़ा, अमृत विचार। सोमेश्वर तहसील के सुतोली में बुधवार की रात एक आवासीय मकान कमजोर पड़ जाने के कारण भरभराकर जमीदोंज हो गया। हादसे में एक महिला की मलबे में दबने के कारण मौत हो गई है। जबकि परिवार के पांच अन्य सदस्यों को ग्रामीणों ने रेस्क्यू कर जैसे तैसे मलबे से निकाल कर उपचार …
अल्मोड़ा, अमृत विचार। सोमेश्वर तहसील के सुतोली में बुधवार की रात एक आवासीय मकान कमजोर पड़ जाने के कारण भरभराकर जमीदोंज हो गया। हादसे में एक महिला की मलबे में दबने के कारण मौत हो गई है। जबकि परिवार के पांच अन्य सदस्यों को ग्रामीणों ने रेस्क्यू कर जैसे तैसे मलबे से निकाल कर उपचार के लिए अस्पताल भर्ती कराया है। परिवार के इन पांच घायलों में से एक की हालत अभी गंभीर बताई जा रही है।
सोमेश्वर के सुतोली गांव निवासी प्रकाश राम यहां अपने परिवार के साथ अपने पुस्तैनी मकान में रहता था और मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का पालन पोषण करता था। बुधवार की रात इस परिवार के सभी सदस्य खाना खाकर अपने अपने कमरों में सोने चले गए। देर रात अचानक कमजोर हो चुका यह मकान भरभराकर गिर गया।
परिवार के सभी सदस्य मलबे के नीचे दब गया और वहां चीख पुकार मच गई। मकान गिरने की आवाज सुनकर गांव के लोग घरों से बाहर निकले और मलबे के नीचे से दबे लोगों को बहार निकालने का काम शुरू कर दिया। हादसे में प्रकाश राम की पच्चीस वर्षीय पत्नी राधा देवी की मलबे के नीचे दम घुटने से मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 31 वर्षीय प्रकाश राम, 65 वर्षीय उसकी माता पुष्पा देवी, पांच वर्षीय पुत्री आयशा, तीन वर्षीय पुत्र रवि आर्या और 1 वर्षीय पुत्री महक को ग्रामीणों ने बमुश्किल मलबे से नीचे बाहर निकाल लिया। हादसे में प्रकाश राम गंभीर रूप से घायल हो गया।
जिसे प्राथमिक उपचार के बाद अल्मोड़ा के मेडिकल कालेज रेफर किया गया है। जबकि परिवार के अन्य सदस्यों को भी उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ग्रामीणों ने हादसे की सूचना प्रशासन को भी दे दी है। सूचना के बाद तहसीलदार सोमेश्वर ने पीडि़त परिवार को फौरी तौर पर आंशिक आर्थिक मदद दी है। जबकि मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए अल्मोड़ा भेजा गया है।
बारिश के कारण कमजोर पड़ गया था मकान
पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के कारण सुतोली निवासी प्रकाश राम का पुस्तैनी मकान कमजोर पड़ चुका था। हालांकि फिर भी प्रकाश राम जैसे तैसे घर की थोड़ी बहुत मरम्मत करा उसमें परिवार का पालन पोषण कर रहा था। लेकिन शायद उसे पता नहीं था कमजोर पड़ चुका मकान कभी भी भरभराकर जमीदोंज हो सकता है। बुधवार की रात प्रकाश राम के घर की कमजोर पड़ चुकी दीवारें जवाब दे गई और यह हादसा सामने आ गया।
राधा की मौत से मचा कोहराम
सुतोली गांव में मकान गिरने की घटना में राधा देवी की मौत होने के बाद अब परिजनों में कोहराम मच गया है। राधा के छोटे बच्चों को इस बात का अहसास भी नहीं है कि उनकी मां का साया अब उनके सिर से उठ चुका है। जबकि गंभीर रूप से घायल प्रकाश राम का पत्नी के वियोग में रो रोकर बुरा हाल है। प्रकाश की माता पुष्पा देवी भी अपने हंसते खेलते परिवार का ताना बाना बिखरता देख कुछ सोच पाने की स्थिति में नहीं हैं। उसकी रूआंसी आखों में परिवार के ऊपर टूट पड़े इस पहाड़ का दर्द साफ देखा जा सकता है। गांव के लोग भी प्रकाश के परिवार पर आई दुख की इस घड़ी से मायूस हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीडि़त परिवार को भवन निर्माण के लिए मुआवजा देने की मांग की है।
