बागेश्वर: दिल्ली भराड़ी बस सेवा एक माह से बंद, यात्री परेशान
बागेश्वर, अमृत विचार। उत्तराखंड परिवहन निगम की बागेश्वर से दिल्ली व देहरादून को चलने वाली बस सेवा कई माह से बंद है जिस कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इधर यात्रियों ने इसे जनता के हितों के साथ कुठाराघात बताते हुए शीघ्र बस सेवा संचालित न होने पर आंदोलन की चेतावनी …
बागेश्वर, अमृत विचार। उत्तराखंड परिवहन निगम की बागेश्वर से दिल्ली व देहरादून को चलने वाली बस सेवा कई माह से बंद है जिस कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इधर यात्रियों ने इसे जनता के हितों के साथ कुठाराघात बताते हुए शीघ्र बस सेवा संचालित न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
बता दें कि पूर्व में परिवहन निगम ने बागेश्वर से दिल्ली व देहरादून को बस सेवा संचालित की थी जिससे निगम को लाभ हो रहा था तथा इन बसों में लंबी रूट की सवारियां मिलती थी।
परंतु लगभग एक माह से भवाली डिपो की दिल्ली-भराड़ी बस सेवा बंद है। जबकि अल्मोड़ा डिपो की दिल्ली-धरमघर वाया रीमा डेढ़ साल से बंद है। इधर जनता द्वारा इन बसों के संचालन की लंबे समय से मांग की जाती रही है परंतु निगम ने इस संबंध में बस संचालन प्रारंभ करने के बजाय पिछले कुछ दिनों से बागेश्वर-देहरादून बस सेवा भी बंद कर दी है।
जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बागेश्वर से देहरादून के लिए बस संचालित होने पर बागेश्वर से देहरादून एक दिन में पहुंचा जाता था जिसके लिए अब यात्रियों को देहरादून के सफर के लिए वाया हल्द्वानी दो दिन बरबाद करने पड़ रहे हैं। यात्रियों ने बताया कि दिल्ली व देहरादून आने जाने के लिए यह बस सेवा काफी सुविधाजनक थी परंतु बस सेवाएं बंद करने से उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बस सेवा संचालन ठप होने पर संबंधित डिपो के उच्चाधिकारियों से वार्ता की गई है। उनके द्वारा चालकों की कमी होना प्रमुख कारण बताया है।
– केबी उपाध्याय, प्रभारी रोडवेज बागेश्वर
