बरेली से बेंगलुरू को फ्लाइट शुरू, पहले दिन 2.30 घंटे में पहुंची
बरेली, अमृत विचार। दिल्ली, मुंबई के बाद शनिवार से बरेली-बेंगलुरू फ्लाइट भी शुरू हो गयी। बेंगलुरू से पहली फ्लाइट निर्धारित समय सुबह 8:40 बजे न उड़कर 8:52 बजे बरेली के लिए उड़ी और 155 यात्रियों को लेकर बरेली एयरपोर्ट पर करीब निर्धारित समय से करीब 10 मिनट पहले पहुंची। फ्लाइट पहुंचने का समय 11:30 बजे …
बरेली, अमृत विचार। दिल्ली, मुंबई के बाद शनिवार से बरेली-बेंगलुरू फ्लाइट भी शुरू हो गयी। बेंगलुरू से पहली फ्लाइट निर्धारित समय सुबह 8:40 बजे न उड़कर 8:52 बजे बरेली के लिए उड़ी और 155 यात्रियों को लेकर बरेली एयरपोर्ट पर करीब निर्धारित समय से करीब 10 मिनट पहले पहुंची। फ्लाइट पहुंचने का समय 11:30 बजे निर्धारित है। बेंगलुरू से 2:30 घंटे में बरेली आने को लेकर यात्रियों में अलग ही उत्साह नजर आ रहा था। यहां पर इंडिगो की टीम ने यात्रियों का स्वागत किया। वहीं, दोपहर करीब 12:30 बजे बरेली से 121 यात्रियों को लेकर एयरबस ने बेंगलुरू के लिए उड़ान भरी।
इस फ्लाइट के शुरू होने का सबसे ज्यादा फायदा बरेली मंडल और इसके आसपास के छात्र-छात्राओं के साथ आईटी क्षेत्र से जुड़े कारोबारियों को पहुंचा है। करीब 2150 किलोमीटर के फासले वाले बेंगलुरू शहर की दूरी हवाई सेवा के जरिए अब चंद घंटों की रह गयी है। बाया रोड करीब 35 घंटे वाले बेंगलुरू का सफर इंडिगो की 180 सीटर एयरबस से पहले दिन 2.30 घंटे में पूरा हो गया।
फ्लाइट शुरू होने से बरेली शहर भी अब देश की अग्रणी सूचना प्रौद्योगिकी आईटी निर्यातक के रूप में अपनी पहचान बनाने वाले बेंगलुरू से सीधा जुड़ गया। बेंगलुरू को भारत की सिलिकॉन वैली (आईटी राजधानी) भी माना जाता है। इंडिगो की कामर्शियल टीम ने कई बार मुंबई और बेंगलुरू की फ्लाइट को लेकर बरेली आकर सर्वे किया था। उत्तराखंड के यात्रियों को भी फ्लाइट का लाभ मिलेगा। 12 अगस्त से झुमका नगरी के हवाई सफर के जरिए मायानगरी (मुंबई) से सीधी जुड़ गयी।
इन दिनों में है यह फ्लाइट- बरेली-बेंगलुरू फ्लाइट- सोमवार, बुधवार और शुक्रवार
निर्धारित टाइमिंग- बेंगलुरू से फ्लाइट नंबर 6521 सुबह 8:40 बजे उड़ान भरकर 11:30 बजे बरेली एयरपोर्ट पहुंचेगी। बरेली से फ्लाइट नंबर 6522 दोपहर 12:30 बजे उड़कर दोपहर बाद 3:20 बजे बेंगलुरू पहुंचेगी।
उत्तराखंड घूमने जाने वालों को इंडिगो ने अपनी ओर खींचा
इंडिगो एयरलाइंस ने बरेली से मुंबई और बेंगलुरू की फ्लाइट शुरू करने के साथ ही उत्तराखंड में घूमने जाने वाले यात्रियों को अपनी ओर खींचना शुरू कर दिया है ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग टिकट बुक कराकर उत्तराखंड घूमने जाएं ताकि इंडिगो को लाभ पहुंचे।
इंडिगो ने शनिवार को अपने ट्विटर हैंडल पर बरेली-मुंबई और बरेली-बेंगलुरू फ्लाइट के निर्धारित किराये के संबंध में पोस्ट शेयर की। जिसमें बताया गया है कि बरेली-मुंबई-बरेली के लिए अभी 3499 रुपये, बरेली-बेंगलुरू-बरेली के लिए 3999 रुपए किया निर्धारित है। पोस्ट में नैनीताल, अल्मोड़ा, भीमताल समेत आदि शहरों का जिक्र करते हुए यह भी बताया कि हिमालय जाने के लिए बरेली आपका प्रवेश द्वार है।
यह भी पढ़ें-
बरेली: अर्जी के बाद अकलीम की तलाश में प्रयागराज पहुंची पुलिस
