किच्छा: बाइक लूट के फरार आरोपी को पुलिस ने अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ दबोचा
किच्छा, अमृत विचार। बाइक लूट के फरार आरोपी को पुलभट्टा थाना पुलिस ने अवैध तमंचा तथा कारतूस के साथ दबोच लिया। बाइक लूट की घटना को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को थाना पुलिस द्वारा पूर्व में गिरफ्तार कर लूटी गई बाइक को बरामद कर लिया गया था। जबकि घटना में शामिल एक आरोपी फरार …
किच्छा, अमृत विचार। बाइक लूट के फरार आरोपी को पुलभट्टा थाना पुलिस ने अवैध तमंचा तथा कारतूस के साथ दबोच लिया। बाइक लूट की घटना को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को थाना पुलिस द्वारा पूर्व में गिरफ्तार कर लूटी गई बाइक को बरामद कर लिया गया था। जबकि घटना में शामिल एक आरोपी फरार चल रहा था।
फिलहाल पुलिस ने पकड़े गए आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ कार्यवाही शुरू कर दी है। थाना प्रभारी विनोद जोशी ने बताया कि गत 20 जुलाई को ग्राम गऊघाट निवासी फकीरा पुत्र दीन मोहम्मद ने सूचना दर्ज कराई थी कि 19 जुलाई की रात्रि घर लौटते समय सिरौली कला क्षेत्र में चार बदमाशों ने उसकी मोटर साइकिल लूट ली और पीड़ित को झाड़ियों में फेंक कर बदमाश मौके से फरार हो गए थे।
पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए नई सुनहरी, वार्ड 11, किच्छा निवासी विकास रस्तोगी पुत्र संजय रस्तोगी, वार्ड 10, आवास विकास, किच्छा निवासी फैजान पुत्र शमशुल हसन सहित एक नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटी गई स्प्लेंडर प्लस मोटर साइकिल को बरामद कर लिया था। घटना में शामिल आवास विकास, किच्छा निवासी दिनेश कुमार उर्फ दिलजले उर्फ दिला पुत्र विजेंद्र पाल की पुलिस द्वारा सरगर्मी से तलाश की जा रही थी।
थाना प्रभारी विनोद जोशी के नेतृत्व में एसआई कीर्ति भट्ट, एसआई अर्जुन गिरी, पुलिसकर्मी ललित मोहन एवं ललित चौधरी की टीम ने फरार चल रहे आरोपी दिनेश कुमार उर्फ दिलजले को सूचना के आधार पर सिरौली कला क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से लूट की वारदात में प्रयुक्त मोटर साइकिल सहित 12 बोर का एक अवैध तमंचा तथा एक जिंदा कारतूस बरामद कर कब्जे में ले लिया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्यवाही शुरू कर दी है।
