गरमपानी: पहाड़ी से मौत बनकर गिरा पत्थर, एक युवक की जान गई
गरमपानी, अमृत विचार। अल्मोड़ा भवाली राजमार्ग पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आने से बाइक सवार खाई में जा गिरे। मौके पर ही एक युवक की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। पुलिस व सेना के जवानों ने रेस्क्यू कर …
गरमपानी, अमृत विचार। अल्मोड़ा भवाली राजमार्ग पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आने से बाइक सवार खाई में जा गिरे। मौके पर ही एक युवक की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। पुलिस व सेना के जवानों ने रेस्क्यू कर दोनों घायलों को खाई से बाहर निकाला।
सौरभ सागर (26वर्ष) पुत्र कन्हैया लाल निवासी मंगल पडा़व, हल्द्वानी तथा उसका साथी जेल रोड (हल्द्वानी) निवासी पंकज गोस्वामी बाइक संख्या यूके 04 एबी 3425 से अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज में फ्लेक्सी लगाने के लिए हल्द्वानी से निकले। दोपांखी के समीप पहुंचे ही थे कि पहाड़ी से एकाएक पत्थर बाइक पर आ गिरा।
पत्थर के साथ ही दोनों बाइक सवार खाई की ओर जा गिरे। एकाएक बाइक सवारों पर पत्थर लगा देख हाईवे पर आवाजाही कर रहे सेना के जवानों तथा चौकी पुलिस खैरना के राजेंद्र गोस्वामी व प्रयाग जोशी ने आसपास के लोगो की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। दोनों को बमुश्किल खाई से बाहर निकाला गया।
आपातकालीन 108 सेवा से दोनों को सीएचसी गरमपानी पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने सौरभ सागर को मृत घोषित कर दिया जबकि पंकज गोस्वामी को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया गया है। दुर्घटना के बाद हाईवे पर जाम भी लगा रहा। पुलिस ने यातायात सुचारू कराया। मृतक के परिजनों को सूचना दी गई। कुछ घंटे बाद परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। परिजनों का रो रो कर बुरा हाल था। बाद में पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए नैनीताल भेज दिया।
