काशीपुर: कार और ट्रक की टक्कर में काशीपुर के सीपीयू इंचार्ज की मौत
काशीपुर, अमृत विचार। जसपुर खुर्द रोड पर कार और ट्रक की भीषण टक्कर में काशीपुर में तैनात सिटी पेट्रोलिंग यूनिट (सीपीयू) के इंचार्ज पवन भारद्वाज की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब सीपीयू इंचार्ज भारद्वाज काशीपुर से बाजपुर रोड स्थित पुराने आईआईएम में बनी सीपीयू बैरक में लौट रहे थे। मौके पर पहुंची …
काशीपुर, अमृत विचार। जसपुर खुर्द रोड पर कार और ट्रक की भीषण टक्कर में काशीपुर में तैनात सिटी पेट्रोलिंग यूनिट (सीपीयू) के इंचार्ज पवन भारद्वाज की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब सीपीयू इंचार्ज भारद्वाज काशीपुर से बाजपुर रोड स्थित पुराने आईआईएम में बनी सीपीयू बैरक में लौट रहे थे।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। गुरुवार को एएसपी कार्यालय में सीपीयू इंचार्ज की पार्थिव देह पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई जिसके बाद परिजन शव लेकर पैतृक आवास कोटद्वार चले गए। उधर पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
मूलरूप से कोटद्वार के शिवपुरी में रहने वाले एसआई पवन कुमार भारद्वाज (40) की तीन साल पहले काशीपुर सीपीयू में तैनाती हुई थी। वर्तमान में वह पुराने आईआईएम में बने बैरक में रह रहे थे। बुधवार देर रात करीब साढ़े 12 बजे वह अपनी कार (यूके 18 के 7464) से काशीपुर बाजार से बैरक की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान आईटीआई थाना क्षेत्र के कुंडेश्वरी रोड पर जसपुर खुर्द के पास अनियंत्रित गति से सामने से आ रहे ईंटों से भरे ट्रक (यूपी 38 टी 1649) ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी।
भीषण हादसे में कार के परखचे उड़ गए और सीपीयू इंचार्ज पवन की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के कारण कार भीतर से लॉक हो गई। उधर हादसे के बाद चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर एसपी प्रमोद कुमार, कोतवाल जीबी जोशी, आईटीआई एसओ विद्यादत्त जोशी समेत कई पुलिस कर्मी मौके पर पहुंच गए और ट्रक को कब्जे में ले लिया। शव कार में फंसा होने पर क्रेन और कटर मशीन को मौके पर बुलवाया गया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद कार को काटकर पवन भारद्वाज का शव बाहर निकाला जा सका। पुलिस ने रात में शव को मोर्चरी में रखवा दिया। सू
चना पर परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन भी सुबह तक काशीपुर पहुंच गए। एसपी काशीपुर प्रमोद कुमार के मुताबिक मृतक पवन की पत्नी रानी भारद्वाज की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
परिवार के इकलौते बेटे थे एसआई पवन भारद्वाज
काशीपुर। सीपीयू इंचार्ज पवन भारद्वाज की दुर्घटना में हुई मौत से पुलिस कर्मियों में शोक व्याप्त है। मृतक के परिजनों ने बताया कि पवन माता-पिता के इकलौते बेटे थे। उनकी एक बहन है, जिसकी शादी हो चुकी है। उनके दो बेटे 14 वर्षीय अनंत व नौ साल की बेटी आद्या है। वह वर्ष 2008 बैच के दरोगा थे। वर्ष 2001 में उनकी सिपाही से भर्ती हुई थी।
उनके पिता बचीराम ने बताया कि पवन लगभग 10 दिन पूर्व काशीपुर से अपने पैतृक गांव कोटद्वार आए थे। सीपीयू के इंचार्ज की दुर्घटना में मौत की सूचना पर पुलिस महकमा अवाक रह गया। दिवंगत पवन भारद्वाज अपने मधुर व्यवहार के कारण लोगों में लोकप्रिय थे। कोविड के दौरान सीपीयू टीम का नेतृत्व करते हुए उन्होंने समाज को महामारी के प्रति जागरूक करने में अहम भूमिका भी निभाई थी।
