हल्द्वानी: घंटों तक चले हथौड़े की चोट से भी नहीं टूटी पुलिस की नींद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। गुरुवार की आधी रात मंगल पड़ाव चौकी क्षेत्र में चोरों ने एक के बाद एक पांच दुकानों के ताले तोड़ डाले। सभी दुकानों के ताले हथौड़े की चोट से तोड़े गए। लेकिन हथौड़े की चोट की आवाज से भी पुलिस की नींद नहीं टूट पाई। मंगल पड़ाव में चोरों ने जिन दुकानों …

हल्द्वानी, अमृत विचार। गुरुवार की आधी रात मंगल पड़ाव चौकी क्षेत्र में चोरों ने एक के बाद एक पांच दुकानों के ताले तोड़ डाले। सभी दुकानों के ताले हथौड़े की चोट से तोड़े गए। लेकिन हथौड़े की चोट की आवाज से भी पुलिस की नींद नहीं टूट पाई। मंगल पड़ाव में चोरों ने जिन दुकानों के ताले तोड़े, उनकी पुलिस चौकी से दूरी महज 50 मीटर है। सभी दुकानों के ताले हथौड़े की चोट से तोड़े गए हैं। मौके पर मिले दुकानों के ताले हथौड़े की चोटों की गवाही दे रहे हैं। हैरानी है कि चौकी के चंद कदम दूर चोर हथौड़े से पीट-पीटकर दुकानों के ताले तोड़ रहे थे। लेकिन पुलिस को कानोंकान भनक तक नहीं लगी। पुलिस चौकी के पास पांच-पांच दुकानों में एक ही रात चंद घंटों में चोरी की वारदातों से गश्त पर भी सवाल उठ रहे हैं।

तो बारिश में दब गई हथौड़े की आवाज
हल्द्वानी। आधी रात के जिस वक्त चोर दुकानों के ताले तोड़ने की वारदातों को अंजाम दे रहे थे, तब बारिश हो रही थी। माना जा रहा है कि बारिश के शोर के चलते हथौड़े की चोटों की आवाज दब गई। चोरों ने आधी रात और खराब मौसम का पूरा फायदा उठाया।

पुलिस चौकी के पास पांच दुकानों के ताले टूटे
अमृत विचार, हल्द्वानी। मंगल पड़ाव पुलिस चौकी की नाक के नीचे चोरों ने एक ही रात में पांच दुकानों के ताले तोड़ डाले। दुकानों से हजारों की नकदी और सामान पर हाथ साफ कर गए। हमेशा की तरह मौके पर पहुंची पुलिस लकीर पीटती रह गई। शुक्रवार सुबह मंगल पड़ाव के इन दुकानदारों को पड़ोसी दुकानदारों ने ताले टूटने की जानकारी दी तो हड़कंप मच गया। सभी व्यापारी मौके पर पहुंचे।

चौकी प्रभारी देवेंद्र बिष्ट ने पुलिस टीम के साथ दुकानों का निरीक्षण किया। चोरों ने गुरुवार की आधी रात मंगल पड़ाव सब्जी मंडी के पास एक-एक कर पांच दुकानों के ताले तोड़ डाले थे। करनदीप की किराना दुकान का ताला तोड़कर गल्ले में रखी चार हजार की नकदी और चार हजार के ड्राइफ्रूट पर हाथ साफ कर दिया।

धमेंद्र गुप्ता के सब्जी गोदाम का ताला तोड़कर 25 सौ की नकदी और एक कट्टा लहसुन भी उठा ले गए। सुलेमान खान की सब्जी की दुकान का ताला तोड़कर 15 सौ की नकदी और मोबाइल उड़ा लिया। जगदीश की मोबाइल की दुकान का ताला तोड़ने की कोशिश की। लेकिन ताला नहीं टूटा। अनिल जायसवाल की किराना दुकान के गोदाम का ताला भी तोड़ डाला। हालांकि दरवाजा भीतर से बंद होने से चोर यहां भी अपने मकसद में कामयाब न हो सके।

चौकी प्रभारी का कहना है कि चोरों का सुराग लगाया जा रहा है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी खंगाल रही है। सर्विलांस की मदद भी ली जा रही है।

संबंधित समाचार