हल्द्वानी: तो अब नहीं होगी पुलिस रैंकर्स परीक्षा
हल्द्वानी, अमृत विचार। उत्तराखंड पुलिस में रैंकर्स परीक्षा नहीं होगी। भविष्य में 50 फीसदी पद सीधी भर्ती और 50 फीसदी पदोन्नति से भरे जाएंगे। पुलिस मुख्यालय ने इस संबंध में शासन को प्रस्ताव भेजा है। पुलिस में मौजूदा नियमों के अनुसार 34 फीसदी पद सीधी भर्ती से भरे जाते हैं। इसके अलावा 33 फीसदी रैंकर्स …
हल्द्वानी, अमृत विचार। उत्तराखंड पुलिस में रैंकर्स परीक्षा नहीं होगी। भविष्य में 50 फीसदी पद सीधी भर्ती और 50 फीसदी पदोन्नति से भरे जाएंगे। पुलिस मुख्यालय ने इस संबंध में शासन को प्रस्ताव भेजा है।
पुलिस में मौजूदा नियमों के अनुसार 34 फीसदी पद सीधी भर्ती से भरे जाते हैं। इसके अलावा 33 फीसदी रैंकर्स परीक्षा और 33 फीसदी पद पदोन्नति से भरे जाते हैं। लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। पुलिस मुख्यालय ने 50 प्रतिशत सीधी भर्ती और 50 फीसदी पदोन्नति से भरने की योजना बनाई है। मुख्यालय के इस प्रस्ताव पर शासन में विचार चल रहा है। अब तक आरक्षी और मुख्य आरक्षी रैंकर्स परीक्षा पास कर मुख्य आरक्षी और उप निरीक्षक बनते रहे हैं।
सीधी भर्ती का कोटा बढ़ने से मिलेंगे ज्यादा अवसर
हल्द्वानी। सीधी भर्ती का कोटा 34 फीसदी के बढ़कर 50 फीसदी करने भर्ती के ज्यादा अवसर मिलेंगे। वहीं, पदोन्नति का कोटा 33 से बढ़कर 50 फीसदी करने से पदोन्नति के अवसर भी बढ़ेगे।
प्रस्ताव के चलते भर्ती में हो रहा विलंब
हल्द्वानी। पुलिस में इस साल ढाई हजार रिक्त पदों पर भर्ती की जानी है। रैंकर्स परीक्षा खत्म करने के प्रस्ताव के चलते भर्ती की विज्ञप्ति जारी करने में विलंब हो रहा है। नियमावली में संशोधन के बाद विभाग रिक्त पदों के लिए विज्ञप्ति जारी करेगा।
सात माह से नहीं आया रैंकर्स परीक्षा का परिणाम
हल्द्वानी। इस वर्ष फरवरी में रैंकर्स भर्ती परीक्षा हुई थी। इसे पहली बार अधीनस्थ चयन सेवा आयोग के माध्यम से कराया गया था। पुलिस मुख्यालय ने जुलाई में परिणाम घोषित करने का भरोसा दिया था। लेकिन अभी तक इस परीक्षा का परिणाम नहीं आया है। पुलिसकर्मी बेसब्री से परिणाम का इंतजार कर रहे हैं।
रैंकर्स परीक्षा खत्म करने संबंधी नियमावली में संशोधन के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। इसके बाद 50-50 फीसदी पद सीधी और पदोन्नति के माध्यम पद भरे जाएंगे। संशोधन के बाद ही भर्ती के लिए विज्ञप्ति जारी की जाएगी।
– डॉ. नीलेश आनंद भरणे, सह प्रवक्ता उत्तराखंड पुलिस
