शाहजहांपुर: अपराधियों पर पुलिस ने कसा शिकंजा, बावरिया गिरोह के सात बदमाश गिरफ्तार
शाहजहांपुर, अमृत विचार। एसओजी और पुलिस टीम ने मुठभेड़ के दौरान बावरिया गिरोह छह सदस्यों को गिरफ्तार किया। इस दौरान एक दारोगा समेत दो पुलिस कर्मी भी जख्मी हो गए। बदमाशों के पास से भारी मात्रा में चोरी किए गए आभूषण बरामद हुए। गिरोह अंतरराज्यीय गिरोह के सदस्यों ने जनपद व गैरजनपदों में चोरी की …
शाहजहांपुर, अमृत विचार। एसओजी और पुलिस टीम ने मुठभेड़ के दौरान बावरिया गिरोह छह सदस्यों को गिरफ्तार किया। इस दौरान एक दारोगा समेत दो पुलिस कर्मी भी जख्मी हो गए। बदमाशों के पास से भारी मात्रा में चोरी किए गए आभूषण बरामद हुए। गिरोह अंतरराज्यीय गिरोह के सदस्यों ने जनपद व गैरजनपदों में चोरी की कई घटनाओं को कबूल किया है। उनके पास से असलाह और चोरी में इस्तेमाल की जाने वाली कार भी बरामद हुई।
एसपी एस आनंद ने बताया कि जिले में अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार शाम करीब साढ़े सात बजे एसओजी प्रभारी रोहित सिंह सर्विलांस टीम व थाना रोजा क्षेत्र में थानाध्यक्ष जयशंकर सिंह समेत रोजा क्षेत्र में गश्त के दौरान अपराधियों के संबंध में बातचीत कर रहे थे। तभी मुखबिर व सर्विलांस से लोकेशन मिली कि बावरिया गिरोह के करीब आधा दर्जन सदस्य मोहम्मदी की ओर से शाहजहांपुर की तरफ आ रहे हैं। सूचना मिलते ही एसओजी टीम व रोजा पुलिस ने संयुक्त रूप से रिंग रोड पर बैरियर लगाकर चेकिंग शुरू कर दी।
कुछ देर बाद मोहम्मदी की ओर से सफेद रंग की कार आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने कार को रोकने का प्रयास किया। तभी कार चालक ने कार को रिंगरोड की तरफ भगाने का प्रयास किया। कार अनियंत्रित होकर खाई में घुस गई। गाड़ी में सवार बदमाश बाहर निकल आए और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने घेराबंदी करके मौके से सात बदमाशों को दबोच लिया। इस दौरान हाथ में चाकू लगने से दारोगा प्रदीप कुमार व तमंचे की बट लगने से कांस्टेबल रघुराज घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पकड़े गए बदमाशों में थाना निगोही क्षेत्र के गांव ईशापुर निवासी केदार, इसी गांव का मान सिंह, रुकम सिंह उर्फ चुन्नी, इसी थाना क्षेत्र के गांव मिल्किया निवासी धीरेंद्र उर्फ लड्डू व भोला, थाना खुटार क्षेत्र के गांव निवाजपुर निवासी पप्पू, जिला कासगंज के कोतवाली क्षेत्र के गांव लालपुर निवासी श्याम सिंह उर्फ कटारी शामिल हैं।
पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि वह अंतरराज्यीय गिरोह चलाते हैं। पेशेवर तरीके से प्रदेश के अलग-अलग जनपदों व अन्य राज्यों में अपने गिरोह के साथ डकैती, नकबजनी, लूट की घटनाएं करते हैं। घटना के दौरान लग्जरी कार का इस्तेमाल करते हैं। कस्बों में रुककर टारगेट चिन्हित करते हैं और रात में नकब लगाकर चोरी की घटना को अंजाम देते हैं।
अगर दुकान स्वामी व अन्य कोई जाग जाए तो फायरिंग करके भाग जाते हैं। चोरी करने के उपकरणों के छुपाने के लिए अलग से डिग्गी बना रखी हैं। असलाह व कारतूस आदि गियर बाक्स के नीचे छिपाकर रखते हैं। ताकि चेकिंग के दौरान पकड़े न जा सके। ज्यादातर यह लोग ज्वैलरी शॉप को निशाना बनाते हैं और घटना में प्राप्त जेवरात को अन्य जनपदों में बेच कर गलवा देते हैं । कुछ समय बीत जाने के बाद माल व रकम का बंटवारा कर लेते हैं। गिरोह कार का चालक पप्पू भी शामिल रहता है जो चोरी के माल में बराबर हिस्सा लेता है। वाहन स्वामी को यह बताकर कि गाड़ी बुकिंग पर 15 सौ रुपये प्रतिदिन के हिसाब से देता है। जिससे वाहन स्वामी को संदेह न हो।
एसपी एस आनंद ने बताया कि एसओजी और रोजा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। बावरिया गिरोह के सात सदस्यों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से करीब सात लाख रुपये के आभूषण, असलाह और चोरी में इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरण बरामद हुए हैं। विभिन्न जनपदों में कई चोरी की वारदातों को कबूल किया है। जिले में चोरी की तीन घटनाओं को अंजाम दिया है।
