हल्द्वानी: आखिर कहां गए वो बारह बदमाश जिन्हें पकड़ने में पुलिस रही नाकाम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गौरव पांडेय, अमृत विचार, हल्द्वानी। शहर से 12 बदमाश अपराध करने के बाद ऐसे गुम हो गए, जैसे गधे के सिर से सींग। सालों बीतने के बाद भी न तो पुलिस इन्हें गिरफ्तार कर पाई और न ही इनके बारे में कुछ पता चला। सालों पहले अदालतें इन बदमाशों को भगौड़ा घोषित कर चुकी हैं। …

गौरव पांडेय, अमृत विचार, हल्द्वानी। शहर से 12 बदमाश अपराध करने के बाद ऐसे गुम हो गए, जैसे गधे के सिर से सींग। सालों बीतने के बाद भी न तो पुलिस इन्हें गिरफ्तार कर पाई और न ही इनके बारे में कुछ पता चला। सालों पहले अदालतें इन बदमाशों को भगौड़ा घोषित कर चुकी हैं। पुलिस का दावा है कि इन भगौड़ों को जमीन खा गई या आसमान निगल गया कोई कुछ नहीं जानता।

सालों पहले शहर में विभिन्न आपराधिक वारदातों को अंजाम देने वाले 12 बदमाश ऐसे हैं, जिनके बारे में कोई कुछ नहीं जानता। वारदात को अंजाम देने के बाद ये बदमाश भूमिगत हो गए थे। पुलिस सालों तक इन्हें तलाशती रही, लेकिन नाकामी ही हाथ लगी। इसके बाद अदालतों ने इन बदमाशों को भगौड़ा घोषित कर दिया। तब से लेकर आज तक इनके बारे में पुलिस को कोई जानकारी नहीं है। पुलिस इन आरोपियों के घरों से लेकर रिश्तेदारों, दोस्तों और तमाम संभावित ठिकानों पर तलाश कर चुकी है। लेकिन इनका कुछ पता नहीं चल सका।

पुलिस अधिकारियों का दावा है कि तब से ये बदमाश दोबारा नहीं दिखे। पुख्ता आशंका है कि केस से बचने के लिए ये बदमाश ऐसे भूमिगत हुए कि पुलिस आज तक इनका सुराग नहीं लगा पाई।

अधिकांश भगौड़ों पर महज सौ-दो सौ रुपए का इनाम
हल्द्वानी। इन बदमाशों पर जिले के पुलिस कप्तान ने इनाम भी घोषित किया है। हालांकि इनाम की राशि काफी कम है। अधिकांश भगौड़ों पर सौ-दो सौ रुपए का इनाम घोषित किया गया है। इनाम की इतनी कम राशि आज के दौर में चौंकाने वाली है। दरअसल सालों पहले इन बदमाशों के फरार होने के बाद इनाम घोषित किया गया था। लंबे समय से फरार बदमाशों पर इनाम की राशि नहीं बढ़ाई गई। दो बदमाशों पर सौ-सौ रुपए जबकि पांच पर दो-दो सौ रुपए का इनाम है। एक बदमाश पर पांच हजार का इनाम है। जबकि तीन पर अभी तक इनाम ही घोषित नहीं किया गया।

हत्या, गैंगस्टर आदि में हैं शामिल
हल्द्वानी। भगौड़ा घोषित बदमाश हत्या से लेकर गैंगस्टर, एनडीपीएस, वन अधिधिनियम, आर्म्स एक्ट, चोरी, नकबजनी की वारदातों में शामिल रहे हैं।

फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए समय-समय पर अभियान चलाए जाते हैं। शहर कोतवाली क्षेत्र में 12 भगौड़े हैं। पुलिस भगौड़ा घोषित बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास करती है।
– डॉ जगदीश चंद्र, एसपी सिटी, हल्द्वानी

संबंधित समाचार