रुद्रपुर: आत्महत्या या हत्या की गुत्थी सुलझाने में लगी पुलिस
रुद्रपुर, अमृत विचार। शनिवार रात को चार मंजिला इमारत से कूदकर अपनी जीवनलीला समाप्त करने वाली मणिपुर की किमिनिनिंग सिंगसिथ उर्फ मैरी की मौत अभी भी रहस्य बनी हुई है। लोगों के जेहन में तमाम तरह के सवाल उठ रहे हैं कि मैरी ने आत्मघाती कदम क्यों उठाया या फिर उसकी हत्या की गई है। …
रुद्रपुर, अमृत विचार। शनिवार रात को चार मंजिला इमारत से कूदकर अपनी जीवनलीला समाप्त करने वाली मणिपुर की किमिनिनिंग सिंगसिथ उर्फ मैरी की मौत अभी भी रहस्य बनी हुई है। लोगों के जेहन में तमाम तरह के सवाल उठ रहे हैं कि मैरी ने आत्मघाती कदम क्यों उठाया या फिर उसकी हत्या की गई है। पुलिस भी इन्हीं सब सवालों का जवाब ढूंढने में जुट गई है। बहरहाल पुलिस अभी मामले में कुछ भी कहने को तैयार नही है। कोतवाल बिजेंद्र शाह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मैरी की दोस्त जेनेलिया ने बताया कि मैरी बहुत ही मिलनसार लड़की थी और उसके सपने भी ऊंचे थे। वह खूब पैसा कमाकर अपने घर मणिपुर वापस जाना चाहती थी और वहीं घर बनाना चाहती थी। आम लड़कियों की तरह उसने भी शादी के सपने देख रखे थे। जिन्हें पूरा करने के लिए वह यहां इतनी दूर आकर काम कर रही थी। जेनेलिया ने बताया कि मैरी हमेशा दोस्तों के सुख-दुख में साथ रहती थी।
सिल्विया के बदलते बयान जांच के घेरे में
रुद्रपुर। शनिवार को मॉडल कॉलोनी सूचना पर पहुंची पुलिस ने मैरी की दोस्त सिल्विया से भी पूछताछ की। लेकिन इस दौरान वह बार-बार अपने बयानों को बदलती दिखी। जिस पर पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है। एएसपी सिटी ममता वोहरा ने बताया कि सिल्विया के बयानों की जांच की जा रही है। शनिवार रात वह थोड़ी घबराई हुई थी। बताया कि मृतका के पिता के रुद्रपुर पहुंचने पर ही आगे ही कार्यवाही की जाएंगी।
बिल्डिंग में रह रहे लोगों के सत्यापन की होगी जांच
रुद्रपुर। मॉडल कॉलोनी की जिस बिल्डिंग में यह घटना हुई वहां रह रहे सभी लोगो के सत्यापन की जांच होगी। एएसपी सिटी ममता वोहरा ने बताया कि बिल्डिंग में किराए पर रह रहे लोगों के सत्यापन की जांच की जाएंगी।बताया जा रहा है कि उस बिल्डिंग में कई अन्य राज्यों के लोग किराए पर रह रहे थे। बिल्डिंग के मालिक देवेंद्र सिंह के अनुसार सभी का सत्यापन उनके पास है।
दिल्ली से पहुचे मैरी के भाई-बहन
रुद्रपुर। बहन की मौत की खबर सुनकर उसके भाई विक्की और बहन जेनी रुद्रपुर पहुंच गए हैं और उन्होंने मैरी की इस तरह की मौत पर संदेह जताया है। फिलहाल उन्होंने अभी तक पुलिस को कोई भी तहरीर नहीं सौंपी है। वहीं मैरी के पिता भी रुद्रपुर पहुंचने वाले है।
