बरेली: यूनिक हॉल मार्किंग के विरोध में आज बंद रहेगा सर्राफा बाजार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। स्वर्ण आभूषणों के यूनिक आइडेंटिफिकेशन कोड (एचयूआइडी) के विरोध में सर्राफा कारोबारियों ने सोमवार को एक दिन की हड़ताल कर प्रतिष्ठान बंद रखने का फैसला किया है। यूपी समेत देशभर में हड़ताल का ऐलान सर्राफा संगठनों ने कर दिया है। व्यापारियों का कहना है कि वह हॉल मार्किंग की अनिवार्यता का समर्थन …

बरेली, अमृत विचार। स्वर्ण आभूषणों के यूनिक आइडेंटिफिकेशन कोड (एचयूआइडी) के विरोध में सर्राफा कारोबारियों ने सोमवार को एक दिन की हड़ताल कर प्रतिष्ठान बंद रखने का फैसला किया है। यूपी समेत देशभर में हड़ताल का ऐलान सर्राफा संगठनों ने कर दिया है। व्यापारियों का कहना है कि वह हॉल मार्किंग की अनिवार्यता का समर्थन कर रहे हैं लेकिन एचयूआइडी कोड की मुहर लगाने का विरोध है।

कारण, अगर सोने में खोट होगी तो रिटेलर सराफा कारोबारियों को जिम्मेदार ठहराया जाएगा। जबकि रिटेल विक्रेता थोक कारोबारियों से ज्वैलरी खरीदकर बेचते हैं। एचआइडी की मुहर भी थोक कारोबारियों के यहां से लगी आएगी। अगर, गुणवत्ता में कोई कमी पाई जाती है तो हालमार्क कानून में कार्रवाई का प्रावधान रिटेल सराफा कारोबारियों के लिए किया गया है। इसी का विरोध सराफा कारोबारी कर रहे हैं।

बता दें कि हॉलमार्किंग की समस्या को लेकर सर्राफा एसोसिएशन संघ के पदाधिकारी पिछले कई महीने से केंद्रीय मंत्रियों और बीआईएस अधिकारियों से लगातार बातचीत कर रहे हैं। लेकिन, इस बातचीत का कोई नतीजा नहीं निकला। बरेली सर्राफा एसोसिएशन के अध्यक्ष संजीव अग्रवाल मिंटू ने बताया कि इस संबंध में एसोसिएशन की कई दौर की बातचीत सरकार और बीआईएस अधिकारियों से हो चुकी है।

मंत्री और अधिकारियों को समस्याओं से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। कहीं से कोई संतुष्टि या राहत नहीं मिली है। इसलिए अब सर्वसम्मति से निर्णय लेते हुए एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल करने का निर्णय लिया गया है। सोमवार को प्रदेश के सभी सर्राफा व्यापारी अपने प्रतिष्ठान पूरी तरह बंद रखेंगे। व्यापारी संजीव औतार अग्रवाल ने कहा कि इस कानून से छोटे व मध्यम व्यवसायियों को खासा नुकसान होगा।

गहनों की कोई सुरक्षा नहीं रहेगी। सोने के जेवर की अदला बदली नहीं की जा सकेगी। ग्राहकों की गोपनीयता भंग होगी। उन्होंने कहा कि हॉलमार्किंग पर राष्ट्रीय टास्क फोर्स के निर्णय से पूरे देश के सराफा कारोबारियों में रोष है। विशाल मेहरोत्रा ने बताया कि एचयूआइडी की मुहर से गुणवत्ता को लेकर रिटेलर कारोबारियों को जिम्मेदार ठहराना ठीक नहीं है। इसी के विरोध में आज सराफा बाजार पूर्ण तरीके से बंद रहेगा।

संबंधित समाचार