ठप विकास योजनाओं पर भड़के कांग्रेसी, सरकार का फूंका पुतला
हल्द्वानी, अमृत विचार। कांग्रेस ने महंगाई और हल्द्वानी के महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट अंतरराष्ट्रीय चिड़ियाघर, आईएसबीटी नहीं बनने पर भाजपा प्रदेश सरकार का पुतला फूंका। सोमवार को प्रदेश महामंत्री राजेंद्र सुयाल और काठगोदाम ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता बुद्ध पार्क में इकट्ठा हुए। यहां उन्होंने भाजपा की प्रदेश सरकार के खिलाफ …
हल्द्वानी, अमृत विचार। कांग्रेस ने महंगाई और हल्द्वानी के महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट अंतरराष्ट्रीय चिड़ियाघर, आईएसबीटी नहीं बनने पर भाजपा प्रदेश सरकार का पुतला फूंका।
सोमवार को प्रदेश महामंत्री राजेंद्र सुयाल और काठगोदाम ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता बुद्ध पार्क में इकट्ठा हुए। यहां उन्होंने भाजपा की प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
उन्होंने कहा कि कुमाऊं का एकमात्र अंतरराज्यीय बस अड्डा और अंतरराष्ट्रीय चिड़ियाघर नहीं बन सका है। इन दोनों प्रोजेक्ट्स के पूरे होने से हजारों लोगों को रोजगार मिलता और सरकार की आय में भी वृद्धि होती, लेकिन भाजपा सरकार के साढ़े चार साल में इन योजनाओं को गति नहीं मिल सकी। इसी तरह शहर को जाम के झाम से निजात दिलाने के लिए रिंग रोड कागजों में गोल-गोल घूम रही है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पिछली कांग्रेस सरकार के समय में ये योजनाएं मंजूर हुई थीं इसलिए श्रेय लेने के चक्कर में इन योजनाओं को मूर्त रूप नहीं दिया गया। वहीं कांग्रेस सरकार ने अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम बनाया गया था वो भी बदहाल हालत में है। रखरखाव के अभाव में खेल खिलाड़ी इसका फायदा नहीं ले पा रहे हैं।
भाजपा सरकार ने जनता से सिर्फ झूठे वादे किए हैं, लेकिन काम नहीं किया। महंगाई अब चरम पर है आम जन का जीना दूभर हो गया है। गुस्साए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार का पुतला फूंका। पुतला फूकने वालों में शशि वर्मा, गौरव बल्यूटिया, हरक सिंह भंडारी, सूरज प्रकाश, इशाक खान, नागेंद्र चौहान, वीरेंद्र नेगी, पंकज लोशाली, नीरज बेलवाल, प्रदीप सुयाल, विजय वासनिक, आनंद आर्या, विनोद कुमार आदि मौजूद रहे।
