लखीमपुर खीरी: चार दिन से लापता किशोर का क्षतविक्षत शव मिला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर/फरधान, अमृत विचार। चार दिन से लापता किशोर का क्षत-विक्षत शव गांव के किनारे एक गन्ने के खेत से बरामद हुआ है। गुस्साए परिजन पीलीभीत-बस्ती हाईवे पर शव रखकर प्रदर्शन करने लगे जिससे करीब दो घंटे तक हाइवे जाम रहा। एसडीएम सदर व सीओ सिटी के समझाने पर जाम खुला और शव को पोस्टमार्टम के …

लखीमपुर/फरधान, अमृत विचार। चार दिन से लापता किशोर का क्षत-विक्षत शव गांव के किनारे एक गन्ने के खेत से बरामद हुआ है। गुस्साए परिजन पीलीभीत-बस्ती हाईवे पर शव रखकर प्रदर्शन करने लगे जिससे करीब दो घंटे तक हाइवे जाम रहा। एसडीएम सदर व सीओ सिटी के समझाने पर जाम खुला और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतक के परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने पुछताछ के लिए पांच लोगों को हिरासत में लिया है।

फरधान थाना क्षेत्र के गांव लालपुर निवासी यासीन सोमवार की सुबह करीब सात बजे खेत पर जानवरों के लिए गन्ने की पत्ती तोड़ने गए थे। खेत में क्षत विक्षत एक शव को देखकर वह भागकर गांव आये और ग्रामीणों को बताया। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ इकठा हो गयी। शव की पहचान गांव के ही इस्माइल पुत्र अरमान अली (16) के रूप हुई। अरमान के परिजन मौके पर पहुंचे और शव को देखकर दहाड़े मारकर रोने लगे।

परिजनों ने बताया अरमान 19 अगस्त को घर से टहलने गया था। उसके बाद वापस नहीं आया था। पुलिस अगर खोजबीन जल्द कर लेती तो हो सकता अरमान की हत्या न हुई होती। मृतक के गले पर चोट के निसान थे। परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस की लापरवाही से नाराज परिजनों ने पीलीभीत बस्ती मार्ग जाम कर मौके पर एसपी के आने की जिद करने लगे जिससे हाईवे पर करीब दो घंटे जाम लगा रहा।

करीब एक घण्टा बाद मौके पर पहुंचे सीओ सिटी अरविंद वर्मा और एसडीएम सदर अरुण कुमार सिंह ने परिजनों को समझाकर उचित कारवाई करने का आश्वासन दिया। उसके बाद परिजनों ने हाईवे खोला। परिजनों के मान जाने के बाद पुलिस ने शव को सीलकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है वहीं परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने एक महिला समेत छह लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है और पांच लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में भी लिया है।

शव मिलने के बाद घटनास्थल पर डॉग स्क्वायड टीम ने मौके पर पहुचकर साक्ष्य जुटाए। खून से सनी मिट्टी, घास आदि के सैंपल लिए। खोजी कुत्ते की सहायता से घटनास्थल के चारो ओर छानबीन कर साक्ष्य जुटाने की कोशिश की। खोजी कुत्ता मौके से 400 मीटर की दूरी तक इधर उधर गया उसके बाद वापस लौटकर घटना स्थल पर आ गया।

लालपुर गांव में अरमान अली की हत्या के मामले में परिजनों ने फरधान थाने के दो सिपाहियों अंगद यादव और विमल रावत पर घर में तोड़फोड़ करने और विपक्षियों से मिले होने की शिकायत की थी जिस पर उनको लाइन हाजिर कर दिया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों ने जिन सिपाहियों पर तोड़फोड़ का आरोप लगाया था उनको पुलिस लाइन से संबद्ध कर दिया गया। जांच चल रही है।

लालपुर गांव में इस्माइल के पुत्र अरमान मोहम्मद की हत्या के मामले में पिता की तहरीर पर पुलिस ने लालपुर गांव के ही निवासी विजय कुमार उर्फ कल्लू, बाबूराम वर्मा, बालकराम, रामगनेश व कुसुमा देवी पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। परिजनों की तहरीर पर गांव के छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पांच लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। दो सिपाहियों का लाइन हाजिर कर दिया है। – अरुण कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक

संबंधित समाचार