खटीमा: निलंबित किलपुरा के रेंजर तिवारी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
खटीमा, अमृत विचार। अवैध लकड़ी कटान के मामले में विभागीय कार्रवाई न करने के एवज में कथित तौर पर चार लाख रुपए मांगने के चर्चित वायरल ऑडियो प्रकरण में वन विभाग के एसडीओ ने आरोपी तत्कालीन किलपुरा वन रेंजर आशीष मोहन तिवारी के खिलाफ कोतवाली पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करा दी है। कोतवाली पुलिस ने …
खटीमा, अमृत विचार। अवैध लकड़ी कटान के मामले में विभागीय कार्रवाई न करने के एवज में कथित तौर पर चार लाख रुपए मांगने के चर्चित वायरल ऑडियो प्रकरण में वन विभाग के एसडीओ ने आरोपी तत्कालीन किलपुरा वन रेंजर आशीष मोहन तिवारी के खिलाफ कोतवाली पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करा दी है। कोतवाली पुलिस ने धारा 384 आईपीसी में रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना एसएसआई लक्ष्मण सिंह को सौंप दी है।
बता दें कि बीते दिनों सोशल मीडिया पर एक ऑडियो वायरल हुआ था। इसके बाद वन विभाग अपने स्तर से जांच में जुटा था। इधर, कोतवाली पुलिस ने बताया कि उप प्रभागीय वनाधिकारी शिवराज चंद ने पुलिस को सौंपी तहरीर में कहा है कि 18 अगस्त को दो ऑडियो रिकार्डिंग जो 17:55 मिनट और 5:53 मिनट की हैं, सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं। इसमें दो पक्षों के मध्य वार्तालाप सुनाई दे रही है।
प्राथमिक रूप से विभागीय जांच किए जाने पर उक्त दोनों पक्षों में से एक पक्ष की आवाज तत्कालीन वन क्षेत्राधिकारी किलपुरा आशीष मोहन तिवारी की होना सामने आया है। दूसरा पक्ष जिसे राना नाम से संबोधित करते हुए अवैध कटे प्रकाष्ठ को छिपाने एवं विभागीय कार्रवाई नहीं करने के एवज में चार लाख रुपए की मांग की जा रही है।
आरोपी आशीष मोहन तिवारी रेंजर किलपुरा द्वारा अवैध रूप से धन के लेन-देन एवं उत्तराखंड कर्मचारी, अधिकारी आचरण नियमावली के विरुद्ध कृत्य किए जाने पर उनको तत्काल प्रभाव से प्रमुख वन संरक्षक उत्तराखंड देहरादून कार्यालय वनादेश 19 अगस्त से निलंबित कर प्रभागीय कार्यालय से संबद्ध किया गया है। उक्त प्रकरण में प्राप्त ऑडियो की सीडी भी पुलिस को सौंपते हुए आरोपी निलंबित रेंजर आरोपी तिवारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
