हल्द्वानी: दो बच्चों के अपहरण की सूचना से हड़कंप मचा
हल्द्वानी, अमृत विचार। गोरापड़ाव क्षेत्र में दो बच्चों के अपहरण की सूचना से हड़कंप मच गया। पुलिस ने जिले से बाहर जाने वाले रास्तों पर नाकाबंदी कर बच्चों की तलाश शुरू कर दी, लेकिन बाद में पता चला कि बच्चों का मामा ही उन्हें अपनी गाड़ी में बैठाकर ले गया था। बच्चों के सकुशल घर …
हल्द्वानी, अमृत विचार। गोरापड़ाव क्षेत्र में दो बच्चों के अपहरण की सूचना से हड़कंप मच गया। पुलिस ने जिले से बाहर जाने वाले रास्तों पर नाकाबंदी कर बच्चों की तलाश शुरू कर दी, लेकिन बाद में पता चला कि बच्चों का मामा ही उन्हें अपनी गाड़ी में बैठाकर ले गया था। बच्चों के सकुशल घर पहुंचने का पता चला तो पुलिस ने राहत की सांस ली।
बुधवार दोपहर पुलिस को पूर्व ग्राम प्रधान से सूचना मिली कि गोरापड़ाव क्षेत्र में दो बच्चे सड़क किनारे जा रहे थे। अभी यह बच्चे रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंचे ही थे कि तभी उनके पास एक छोटा हाथी आकर रुका और उसमें सवार लोगों ने बच्चों को उठा लिया। बच्चों के अपहरण की सूचना से मंडी चौकी पुलिस में हड़कंप मच गया।
आनन-फानन में वायरलैस के माध्यम से सूचना प्रसारित कर सीमाओं पर नाकाबंदी कर दी गई है। पुलिस ने घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें छोटा हाथी वाहन में बच्चे जाते दिखे। पुलिस ने वाहन नंबर के आधार पर मालिक और फिर चालक से संपर्क साधा। इस दौरान पता चला कि चालक बच्चों का मामा है। स्कूल से घर लौटते बच्चे रास्ते में दिखे तो उसने गाड़ी में बैठा लिया। पुलिस ने बच्चों के परिजनों से भी संपर्क साधा। तब तक बच्चे अपने घर पहुंच चुके थे। चालक ने बताया कि उसकी मोबाइल पर पिता ने नोकझोंक चल रही थी। शोर सुनकर कुछ लोगों को गलतफहमी हो गई।
