बागेश्वर: कपकोट के असों गांव में पहाड़ी से गिर रहे बोल्डर, दस परिवार किए शिफ्ट
बगेश्वर, अमृत विचार। कपकोट के असों गांव में पहाड़ी से हो रहे भूस्खलन से गांव में कई परिवारों को खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों की सूचना पर ब्लाक प्रमुख ने इसकी सूचना प्रशासन को दी तथा स्वयं गांव का निरीक्षण किया। सूचना मिलने पर प्रशासन ने दस परिवारों को स्कूल में रहने को कहा परंतु …
बगेश्वर, अमृत विचार। कपकोट के असों गांव में पहाड़ी से हो रहे भूस्खलन से गांव में कई परिवारों को खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों की सूचना पर ब्लाक प्रमुख ने इसकी सूचना प्रशासन को दी तथा स्वयं गांव का निरीक्षण किया। सूचना मिलने पर प्रशासन ने दस परिवारों को स्कूल में रहने को कहा परंतु ग्रामीण फिलहाल घरों में ही रह रहे हैं। वहीं बोल्डर गिरने से गांव में खतरा बना हुआ है। असों गांव में पहाड़ी से पिछले एक सप्ताह से लगातार पहाड़ी में हो रहे भूस्खलन से गांव को खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि गत दिवस गांव के दो मकानों में बोल्डर आ गिरे। दिन का समय होने के कारण दुर्घटना टल गई।
इसकी सूचना ग्रामीणों ने ब्लाक प्रमुख गोविंद दानू को दी तो दानू बुधवार को गांव के निरीक्षण में पहुंचे तथा सूचना उपजिलाधिकारी को दी। सूचना पर पटवारी ने भी गांव का दौरा किया तथा उसने खतरे को देखते हुए दस परिवारों को गांव के स्कूल में रहने को कहा है। इधर निरीक्षण के बाद गोविंद दानू ने कहा कि उन्होंने इस संबंध में भूगर्भ वैज्ञानिक को पत्र लिखा है शीघ्र ही भूगर्भ वैज्ञानिक द्वारा गांव का दौरा किया जाएगा।
प्रमुख ने निरीक्षण के दौरान गांव के दस परिवारों से मुलाकात की तथा उनसे कहा कि वे खतरे को देखते हुए राइंका असों में रहें परंतु ग्रामीण खेती बाड़ी व मवेशियों का हवाला देते हुए अन्यत्र रहने को तैयार नहीं हुए तथा रात भर जागरण करके दिन बिताने की बात कही। भ्रमण के दौरान प्रमुख के साथ अवर अभियंता राजेंद्र आगरी, ग्राम प्रधान महेश दानू, चंदन सिंह, नरेंद्र सिंह, भगवान सिंह आदि उपस्थित थे।
