हल्द्वानी: गैरसैण राजधानी के लिए सत्याग्रह कर सरकार को जगाएगी पहाड़ी आर्मी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। उत्तराखंड की पहचान पहाड़ को पूरी तरह से मिटाने में जुटे राजनीतिक नेताओं को जगाने के लिए पहाड़ी आर्मी सड़क पर उतरेगी। लोगों को जोड़ेगी और इस मुद्दे पर सत्याग्रह शुरू करेगी। मैराथन और नुक्कड़ नाटक कर आंदोलन छेड़ा जाएगा। यह कहना है संगठन के कार्यक्रम संयोजक हरीश रावत का। आर्मी की …

हल्द्वानी, अमृत विचार। उत्तराखंड की पहचान पहाड़ को पूरी तरह से मिटाने में जुटे राजनीतिक नेताओं को जगाने के लिए पहाड़ी आर्मी सड़क पर उतरेगी। लोगों को जोड़ेगी और इस मुद्दे पर सत्याग्रह शुरू करेगी। मैराथन और नुक्कड़ नाटक कर आंदोलन छेड़ा जाएगा। यह कहना है संगठन के कार्यक्रम संयोजक हरीश रावत का। आर्मी की ओर से शनिवार को नगर निगम सभागार में एक प्रेसवार्ता की गई।

वार्ता में आए हरीश रावत व प्रवीण सिंह काशी ने कहा कि पार्टियों के लिए राजनीतिक लाभ बन चुके गैरसैण को स्थाई राजधानी बनाए जाने की मांग को पूरजोर तरीके से उठाया जाएगा। सदस्यों को बढ़ाने के लिए अभियान शुरू होगा। सितंबर की शुरूआत से ही पूरे प्रदेश में सत्याग्रह शुरू होगा। हल्द्वानी से शुरूआत करते हुए पहाड़ी आर्मी हर जिले, तहसील और ब्लाक स्तर पर मैराथन, नुक्कड़-नाटक करेगी।

शहीदों का स्थल कहे जाने वाले खुमाड़ सल्ट में संकल्प लेंगे। सरकार पर आरोप लगाया कि 21 साल से यह मुद्दा कई आंदोलनकारियों के माध्यम से उठता रहा है। पर दोनों ही पार्टियों की सरकारों ने इसे सिर्फ सत्ता पाने का मुद्दा बनाकर छोड़ दिया है। ग्रीष्मकालीन सत्र के नाम पर भी सिर्फ छलावा हो रहा है।

बजट न होने का बहाना बनाकर कई करोड़ों के काम कर रही सरकार की मंशा भी साफ दिख रही है। यह सब सहन नहीं होगा। गैरसैड़ को स्थाई राजधानी बनाकर ही पहाड़ी आर्मी चुप होगी। इस दौरान हेमा व चंदन न्याल आदि मौजूद रहे।

संबंधित समाचार