देहरादून: ऊधम सिंह नगर में बनेगा महिला स्पोर्ट्स कॉलेज
देहरादून, अमृत विचार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर परेड ग्राउण्ड स्थित बहुउद्देशीय क्रीड़ा हॉल में महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कालेज देहरादून के उदीयमान खिलाड़ियों, टेबल टेनिस एवं बेडमिंटन प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राज्य में खेलों के प्रति अधिक से अधिक युवाओं की …
देहरादून, अमृत विचार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर परेड ग्राउण्ड स्थित बहुउद्देशीय क्रीड़ा हॉल में महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कालेज देहरादून के उदीयमान खिलाड़ियों, टेबल टेनिस एवं बेडमिंटन प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राज्य में खेलों के प्रति अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिये अनेक घोषणाएं भी कीं। मुख्यमंत्री ने स्वयं भी बेडमिंटन खेलकर प्रतियोगिता की शुरूआत की।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि 8 वर्ष से 14 वर्ष तक की आयु के 50-50 बालक-बालिकाओं को उनकी खेल प्रतिभा के अनुसार चिन्हित कर उन्हें प्रति वर्ष मुख्यमंत्री खिलाड़ी उन्नयन छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। खिलाड़ियों का दैनिक भत्ता बढ़ाकर 225 रुपए किया जाएगा। महिला खिलाड़ियों के खेल कौशल विकास हेतु जनपद उधमसिंह नगर में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज स्थापित किया जाएगा। नेशनल गेम्स में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को उत्तराखंड राज्य परिवहन निगम की बसों में नि:शुल्क यात्रा सुविधा मिलेगी।
खेल कोटा व सरकारी सेवा मिलेगी
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि महाविद्यालयों/व्यवसायिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु 5 प्रतिशत का उत्कृष्ट खिलाड़ी खेल कोटा प्रदान किया जाएगा। नेशनल गेम्स के पदक विजेताओं को भी एशियन/कामनवेल्थ/वर्ल्ड/ओलंपिक पदक विजेताओं की भांति सरकारी सेवा प्रदान की जाएगी।
खेल विज्ञान केंद्र की स्थापना होगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों के प्रदर्शन में उत्कृष्टता लाने हेतु वैज्ञानिक एवं मनोवैज्ञानिक तकनीक को सुनिश्चित करने हेतु खेल विज्ञान केंद्र की स्थापना राज्य खेल विकास संस्थान में की जाएगी। ओलंपिक खेलों में प्रदेश के खिलाड़ियों की प्रतिभागिता सुनिश्चित करने हेतु कोच की व्यवस्था की जाएगी। महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून में स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी बनाए जाने का प्रयास भी किया जाएगा।
बीमा/आर्थिक सहायता मिलेगी
नेशनल गेम्स/एशियन/कॉमनवेल्थ/वर्ल्ड/ओलम्पिक में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को खेल दुर्घटनाओं/खेल इंजरी एवं अन्य खेल आकस्मिकताओं के दृष्टिगत बीमा/ आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। राज्य में खेल सुविधाओं को बढ़ावा देने हेतु निजी क्षेत्र द्वारा स्पोर्ट्स कांपलेक्स, खेल अकादमी, स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी की स्थापना करने के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने हेतु ’मेजर ध्यानचंद निजी क्षेत्र खेल प्रतिभागिता प्रोत्साहन कोष की स्थापना की जाएगी। राष्ट्रीय/अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने हेतु खिलाड़ियों को यात्रा मार्ग व्यय, स्पोर्टस किट्स इत्यादि की सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। टेबल टेनिस के खिलाड़ियों के लिये अलग से हॉल की व्यवस्था की जाएगी।
हॉकी के जादूगर को याद किया
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश के खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने का सराहनीय कार्य किया गया है। उनके पदचिन्हों पर चलकर हम भी अपने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं। राज्य में खिलाड़ियों के व्यापक हित में बेहतर खेल नीति बनाई जा रही है, ताकि हमारे खिलाड़ी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलों में प्रदेश का नाम रोशन कर सकें। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचन्द की महानता का उल्लेख करते हुए कहा कि वे खेल के प्रति प्रतिबद्ध तो थे ही, राष्ट्र के प्रति भी उनका श्रेष्ठ आदर भाव रहा। जब हिटलर ने उनसे जर्मनी की नागरिकता ग्रहण करने की बात की तो उन्होंने स्पष्ट तौर मना कर दिया था।
नीरज, आप उत्तराखंड कब आएंगे?
देहरादून। राष्ट्रीय खेल दिवस पर बहुद्देशीय क्रीड़ा हॉल, परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ओलम्पिक में स्वर्ण पदक विजेता नीरज
चोपड़ा के साथ वीडियो कॉल की। मुख्यमंत्री ने नीरज से कहा कि आप सैनिक हैं और मैं भी सैनिक का बेटा हूं। मुख्यमंत्री ने नीरज से पूछा कि आप उत्तराखंड कब आएंगे, इस पर नीरज ने कहा कि अभी तो पता नहीं है। वह 7,8,9 के आसपास आएंगे। मुख्यमंत्री ने उनसे कहा कि जब भी आपका प्रोग्राम बने, आप आइए, आपका अभिनंदन किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा, हम यहां आज खेल दिवस पर कार्यक्रम कर रहे हैं। सब लोग आपको देख रहे हैं। मुख्यमंत्री ने अपने मोबाइल फोन को भी चारों तरफ घुमाकर नीरज चोपड़ा को दिखाया।
