संभल: जमीन बंटवारे को लेकर दो पक्ष भिड़े, एक की मौत, 5 घायल
संभल/रजपुरा, अमृत विचार। जमीन बंटवारे के विवाद में दो पक्षों के बीच मारपीट में एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि चार महिलाएं सहित छह लोग घायल हैं। सीएचसी में घायलों का प्राथमिक उपचार कर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दोनों पक्षों …
संभल/रजपुरा, अमृत विचार। जमीन बंटवारे के विवाद में दो पक्षों के बीच मारपीट में एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि चार महिलाएं सहित छह लोग घायल हैं। सीएचसी में घायलों का प्राथमिक उपचार कर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
दोनों पक्षों ने पुलिस में तहरीर दी है। घटना मेहुआ हसनगंज गांव की है। यहां हरप्यारी पत्नी नत्थू और जगदीश पुत्र चिरंजी में पांच माह से जमीन के बंटवारे को लेकर रंजिश चल रही है। शुक्रवार को दोनों पक्षों में जमीन के बंटवारे को लेकर कहासुनी हुई थी। दोनों पक्ष के लोगों ने एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी थी। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ शांति भंग की धारा में मुकदमा दर्ज किया था।
वहीं, रविवार सुबह में हरप्यारी के बेटे खेमकरन की पत्नी फूलवती कूड़ा डालने के लिए जा रही थी, तभी जगदीश पक्ष के लोग फूलवती को गाली-गलौज करने लगे। फूलवती ने विरोध किया तो दोनों में कहासुनी हो गई। दोनों पक्षों की तरफ से जमकर लाठी-डंडे चले। इसमें एक पक्ष हरप्यारी, फूलवती, सोनवती और दूसरे पक्ष से जगदीश, राजेश और गंगाश्री घायल हो गये।
सूचना मिलने पर पीआरवी डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। यहां डॉक्टर ने घायल 60 वर्षीय जगदीश की हालत गंभीर देख अलीगढ़ रेफर कर दिया। अन्य पांच घायलों को प्राथमिक उपचार देकर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अलीगढ़ जाने के रास्ते में घायल जगदीश ने दम तोड़ दिया।
