लखनऊ: त्योहारों पर सीटों की मारामारी, सीमित ट्रेन बनी यात्रियों के लिए मुसीबत
लखनऊ। आगामी त्योहारों को लेकर ट्रेनों में सीटों की मारामारी अभी से शुरु हो गयी है। अब डेढ़ माह से कम का समय बचा है। दशहरा व दीपावली पर्व पर घर जाने के लिए ट्रेन में टिकट बुक कराने वालों को कंफर्म सीट नहीं मिल रही है। एलटीटी, शताब्दी, लखनऊ मेल, तेजस एक्सप्रेस, राजधानी, दूरंतो …
लखनऊ। आगामी त्योहारों को लेकर ट्रेनों में सीटों की मारामारी अभी से शुरु हो गयी है। अब डेढ़ माह से कम का समय बचा है। दशहरा व दीपावली पर्व पर घर जाने के लिए ट्रेन में टिकट बुक कराने वालों को कंफर्म सीट नहीं मिल रही है। एलटीटी, शताब्दी, लखनऊ मेल, तेजस एक्सप्रेस, राजधानी, दूरंतो लंबी दूरी की अधिकांश ट्रेनों में वेटिंग आ रही है। कोरोना प्रोटोकाल में वेटिंग टिकट पर यात्रा की अनुमति नहीं है। ऐसे में यात्रियों को इस बार सफर को लेकर मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा । इस बार रेल आरक्षित टिकट यात्रियों के सामने बड़ी मुसीबत बन गयी है।
इस बार दशहरा का पर्व 15 अक्टूबर को पड़ रहा है जबकि दिवाली 4 नवंबर को है। ऐसे में दशहरा,दिवाली पर घर जाने के लिए लोग टिकट बुक कराने पहुंच रहे हैं मगर,15 अक्टूबर से 3 नवंबर के बीच अधिकांश स्पेशल ट्रेनों के एसी और स्लीपर कोच में सीटें भर चुकी हैं। नई दिल्ली से लखनऊ के बीच चलने वाली स्पेशल ट्रेन में भी लंबी वेटिग है। इसी प्रकार मुम्बई से गोरखपुर के बीच चलने वाली एलटीटी स्पेशल ट्रेनें में नो रुम लग गया है। इसी प्रकार पुष्पक एक्सप्रेस में भी नो रुम लग गया इस ट्रेनों में वेटिंग का टिकट भी मिलना बंद हो गया है।
इस बार दशहरा व दीपावली पर्व पर ट्रेनों में केवल कंफर्म टिकट वाले यात्रियों को ही सफर की अनुमति दी जायेगी। ऐसे में जिन यात्रियों के पास वेटिंग टिकट है, वो परेशान हैं। अगर टिकट कंफर्म नहीं हुआ तो वो यात्रा नहीं कर सकेंगे। ऐसे में वेटिंग वाले यात्री एक से अधिक ट्रेन में टिकट बुक करा रहे हैं, जिस ट्रेन में टिकट कंफर्म होने की संभावना अधिक होगी उससे यात्रा करेंगे। राजधानी,लखनउ मेल,शताब्दी में सीटें फुल हो गयी है। ऐसे में यात्रियों को विकल्प के रुप में रोडवेज बसों व विमानों का ही सहारा बचाा है।
रेलवे चला रहा स्पेशल ट्रेन-सीपीआरओ
उत्तर रेलवे के सीपीआरओ दीपक कुमार का कहना है कि यात्रियों की सुविधा काे देखते हुए रेलवे लगातार स्पेशल ट्रेनों की संख्या बढ़ा रहा है। इसके अलावा त्योहार स्पेशल ट्रेनों को भी चलाया जायेगा । यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए रेलवे पूरी तरह प्रयासरत है। रेल यात्रियों की सुविधा को देखते हुए इस बार रेल प्रशासन 78 स्पेशल ट्रेनों का संचालन करेगा । इसके अलावा त्योहार स्पेशल ट्रेनों का भी संचालन किया जायेगा ।
