बिजनौर: नामांकन में धोखाधड़ी करने पर प्रबंधक व सचिव के खिलाफ रिपोर्ट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बिजनौर/चांदपुर,अमृत विचार। तिगरी स्थित एसपी कॉलेज के संचालकों द्वारा उमरीपीर निवासी छात्रा के नाम की जगह दूसरी छात्रा का दाखिला करने के मामले में न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने कालेज प्रबंधक और उनके भाई के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। हीमपुर दीपा थाना क्षेत्र के ग्राम उमरी पीर निवासी सरफराज अहमद ने …

बिजनौर/चांदपुर,अमृत विचार। तिगरी स्थित एसपी कॉलेज के संचालकों द्वारा उमरीपीर निवासी छात्रा के नाम की जगह दूसरी छात्रा का दाखिला करने के मामले में न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने कालेज प्रबंधक और उनके भाई के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। हीमपुर दीपा थाना क्षेत्र के ग्राम उमरी पीर निवासी सरफराज अहमद ने तिगरी में एसपी कालेज का संचालन करने वाले चांदपुर निवासी संदीप बंसल व राहुल बंसल पर धोखाधड़ी कर उनकी पुत्री के स्थान पर अन्य छात्रा का दाखिला करने व धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है।

सीजेएम न्यायालय में दिये प्रार्थना पत्र में सरफराज अहमद का आरोप है कि शिक्षा सत्र 2019-2020 में उसने विद्यालय के संचालक संदीप बंसल व उनके भाई राहुल बंसल के कहने पर अपनी पुत्री इरमजिया का डी फार्मा प्रथम वर्ष में दाखिला कराया था। उसके द्वारा कॉलेज में दो अलग-अलग तिथियों में फीस जमा की गई थी। जिसकी महाविद्यालय द्वारा रसीद भी उन्हें दी गई है।

दाखिले के बाद इरमजिया ने नियमित रुप से कॉलेज जा कर पढ़ाई भी की है। 2020 में कोरोनाकाल से पूर्व कॉलेज में हुई प्रयोगात्मक व अन्य परीक्षाओं में भी इरमजिया ने भाग लिया है। कोरोना अवधि में बंद हुये कालेज खुलने पर जब इरमजिया कालेज पहुंची तो कालेज के संचालकों ने उसे प्रथम वर्ष में पास हो जाने की बात कहते हुए फीस जमा कर द्वितीय वर्ष में दाखिला लेने को कहा था।

ईरमजिया ने 13 अक्टूबर 20 को डी फार्मा द्वितीय वर्ष में दाखिले के लिए 25 हजार की फीस जमा की थी । लेकिन महाविद्यालय द्वारा उसकी स्लिप पर प्रथम वर्ष लिखकर इरमजिया को थमा दी गई थी। इरमजिया ने जब घर आककर फीस स्लिप देखी तो वह दंग रह गई।

अपने पिता को साथ लेकर वह कॉलेज गई तो कॉलेज संचालक राहुल बंसल व संदीप बंसल ने उसका पिछले वर्ष दाखिला न होने की बात कहते हुये पर्दा डालने का प्रयास किया। पुत्री का साल बर्बाद होने पर सरफराज ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई थी। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने कालेज संचालक संदीप बंसल व उसके भाई राहुल बंसल के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

संबंधित समाचार