लखनऊ: होर्डिंग से अटल जी की फोटो गायब होने पर नाराज हुए राजनाथ, कही ये बड़ी बात
लखनऊ। राजधानी में मंगलवार को 1710 करोड़ की 180 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास रक्षा मंत्री व लखनऊ के सांसाद राजनाथ सिंह ने किया। उन्होंने मंच से ही पूर्व प्रधानमंत्री व लखनऊ के सांसद रहे भारत रत्न अटल बिहारी बाजपेयी का होर्डिंग व पोस्टर पर फोटो न होने पर नाराजगी जताई। राजनाथ सिंह ने …
लखनऊ। राजधानी में मंगलवार को 1710 करोड़ की 180 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास रक्षा मंत्री व लखनऊ के सांसाद राजनाथ सिंह ने किया। उन्होंने मंच से ही पूर्व प्रधानमंत्री व लखनऊ के सांसद रहे भारत रत्न अटल बिहारी बाजपेयी का होर्डिंग व पोस्टर पर फोटो न होने पर नाराजगी जताई। राजनाथ सिंह ने कहा कि बिना अटल जी के हम तो लखनऊ की कल्पना भी नहीं कर सकते। मेरी फोटो भले न लगाइए लेकिन भविष्य में होर्डिंग व बैनर में अटल जी की फोटो अवश्य होनी चाहिए।
चौक के ज्योतिबा फुले पार्क में आयोजित समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी की फोटो गायब होने पर कहा कि यह तो ठीक नहीं है। ऐसा नहीं होना चाहिए था। उन्होंने कहा कि इतने बड़े आयोजन के बाद भी आज मुझे एक कमी जरूर खली। मैं एयरपोर्ट से चला तो मैने बहुत सी होर्डिंग्स देखी, लेकिन लखनऊ में पोस्टर से अटल जी का चित्र गायब मिला। इतना ही नहीं यहां मंच पर भी लगे होर्डिंग में अटल जी का चित्र नहीं है। उनका चित्र जरूर लगा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि दुनिया के दूसरें देशों में आज भी अटल जी का आदर किया जाता है।
अटल जी तो लखनऊवासियों के दिल में बसते हैं। फिलहाल आयोजन के सभी होर्डिंग्स व पोस्टरों में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा के ही फोटो लगे थे। कार्यक्रम में 1710 करोड़ की 180 योजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास कार्यक्रम में राजनाथ सिंह ने 396 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास और 1314 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण किया। राजनाथ सिंह ने कहा कि यहां पर मैं बस लखनऊ पर बात करना चाहता हूं। देश का नंबर वन कैसे बने लखनऊ बस यही बात करना चाहता हूं।
डॉ. दिनेश शर्मा की फोटो के नीचे नाम भी गलत
राजनाथ सिंह ने होर्डिंग्स और पोस्टरों से अलट जी की तस्वीर गायब होने का मामला उठाया तो एक और गलती नजर आ गई। समारोह में कई जगह पर उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा की फोटो के नीचे लखनऊ की महापौर संयुक्ता भाटिया का नाम लिखा था। इतने बड़े समारोह में इस तरह की गलती पर लोग हंसी उड़ाते नजर आए। नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन के कर्म क्षेत्र चौक में आयोजित इस कार्यक्रम में खामियों पर खास चर्चा होती रही।
