लखनऊ: पुलिस अभिरक्षा से भाग रहा इनामी बदमाश मुठभेड़ में ढेर
लखनऊ। पुलिस अभिरक्षा से पिस्टल छीनकर भाग रहे एक बदमाश को आगरा पुलिस व एसओजी टीम ने आगरा बीएसएनएल ग्राउंड के पास मुठभेड़ में ढेर कर दिया है। बदमाश मुकेश ठाकुर 50 हजार रुपये का इनामिया बदमाश था। हत्या, लूट, डकैती, हत्या के प्रयास के मामले में वह बीते काफी समय से फरार चल रहा …
लखनऊ। पुलिस अभिरक्षा से पिस्टल छीनकर भाग रहे एक बदमाश को आगरा पुलिस व एसओजी टीम ने आगरा बीएसएनएल ग्राउंड के पास मुठभेड़ में ढेर कर दिया है। बदमाश मुकेश ठाकुर 50 हजार रुपये का इनामिया बदमाश था। हत्या, लूट, डकैती, हत्या के प्रयास के मामले में वह बीते काफी समय से फरार चल रहा था। आईजी आगरा जोन नवीन अरोरा ने बताया कि मुकेश ठाकुर को पुलिस ने रविवार देर रात मुखबिर से मिली सटीक सूचना के बाद गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस उससे पूछताछ कर रही थी। इसी दौरान उसने पुलिस को पूर्व में उसके द्वारा लूटी गई दो राइफलों को बरामद कराने की बात कही। उसकी निशानदेही वाली जगह पर पुलिस उसे लेकर जा ही रही थी कि बदमाश मुकेश ठाकुर ने वाहन में बैठे पुलिसकर्मी पर हमला बोला और एक सिपाही की पिस्टल छीनकर फरार हो गया। इस दौरान बदमाश के भागने की सूचना पर पुलिस ने भी इलाके की घेराबंदी कर दी।
भोर में आगरा बीएसएनएल ग्राउंड के पास पुलिस का बदमाश से आमना-सामना हो गया। मुठभेड़ में घायल हुए बदमाश को पुलिस एसएन मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंची। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आईजी ने बताया कि मुकेश ठाकुर के ऊपर गंभीर धाराओं में 42 से अधिक मामले दर्ज हैं। उसने व उसके गिरोह के सदस्यों ने सिर्फ उत्तर प्रदेश ही नहीं बल्कि राजस्थान के भी कई शहरों में आपराधिक वारदातों को अंजाम दिया है।
केनरा बैंक में डाली थी डकैती
बदामश मुकेश ठाकुर ने गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ 16 फरवरी को आगरा के इरादत नगर स्थित केनरा बैंक में दिनदहाड़े घुसकर डकैती डाली थी। यहां उसने 6.77 लाख रूपये की लूट की वारदात को अंजाम दियाथा। डकैती के दौरान दहशत फैलाने के लिए उसने बैंक में अंधाधुंध फायरिंग भी की थी।
सिपाही व दारोगा भी घायल
मुकेश ठाकुर से पुलिस मुठभेड़ में मुकेश ढेर हो गया। इस दौरान एक सिपाही व एक दारोगा भी घायल हुए हैं। पुलिस ने उन्हें भी इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उनके स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया।
