बरेली : बिजली के तारों पर भी वार कर रहा चाइनीज मांझा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। अभी तक शहर में बाइक सवारों के लिए खतरनाक साबित हो रहा चाइनीज मांझा बिजली विभाग के लिए भी मुसीबत बन गया है। बिजली तारों पर चाइनीज मांझा टच होने से आए दिन फाल्ट हो रहे हैं। इससे कई इलाकों में घंटों तक बिजली गुल हो रही है। इससे उपभोक्ता तो परेशान हो …

बरेली, अमृत विचार। अभी तक शहर में बाइक सवारों के लिए खतरनाक साबित हो रहा चाइनीज मांझा बिजली विभाग के लिए भी मुसीबत बन गया है। बिजली तारों पर चाइनीज मांझा टच होने से आए दिन फाल्ट हो रहे हैं। इससे कई इलाकों में घंटों तक बिजली गुल हो रही है। इससे उपभोक्ता तो परेशान हो ही रहे हैं। साथ ही फाल्ट ढूंढ़कर इसे ठीक करने में बिजली कर्मचारियों के भी पसीने छूट रहे हैं।

चाइनीज मांझे को खतरनाक केमिकल के साथ शीशे का बारूद भी मिलाया जाता है। इस वजह से मांझे में बिजली का प्रवाह बड़ी आसानी से हो जाता है। कटी पतंग के साथ मांझे के विद्युत लाइन पर गिरने से न केवल विद्युत आपूर्ति प्रभावित होती है, बल्कि पतंग उड़ाने वाले या मांझा टच करने वाले को भी नुकसान पहुंचता है। शहर में पिछले दिनों मांझे की चपेट में आने से लगातार हो रहे हादसों के बाद पुलिस ने चाइनीज मांझे की ब्रिक्री करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया था। इस दौरान चाइनीज मांझा बरामद कर कई लोगों को जेल भी भेजा था मगर पुलिस ने अभियान फिर बंद कर दिया। इससे शहर में फिर से पतंगबाज सक्रिय हो गए। उन्होंने चाइनीज मांझे से पतंग उड़ानी शुरू कर दी। इससे अब राहगीरों के साथ बिजली अधिकारी भी परेशान है।

आसमान में पतंगों का जाल देख बिजली बंद कर देता है विभाग
पिछले करीब एक माह से शहर में चाइनीज मांझों के साथ पतंगबाज खूब पतंग उड़ा रहे हैं। चाइनीज मांझे से शहर के कई हिस्सों में हुए फाल्ट के चलते बत्ती गुल हुई तो कहीं विभाग ने आसमान में पतंगों का जाल देख एहतियात के तौर पर खुद ही बिजली कट कराई। इससे लोगों को बिजली ट्रिपिंग से परेशानी का सामना करना पड़ा। इस कारण शहर के कई इलाकों में बत्ती गुल हुई। इसका सर्वाधिक असर कुतुबखाना, किला, सुभाषनगर, हरूनगला, जगतपुर आदि बिजलीघर क्षेत्रों में रहा।

हाईटेंशन लाइन से मांझा टच होने पर झुलस गया था बच्चा
पिछले दिनों छत पर पतंग उड़ा रहे बच्चे के चाइनीज मांझे में हाईटेंशन लाइन छूने के बाद अचानक करंट उतर आया था जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। सीबीगंज थाना क्षेत्र के सनईया रानी गोटिया में 12 वर्षीय समीर अपने घर की छत पर पतंग उड़ा रहा था। इसी दौरान पतंग से जुड़ा चाइनीज मांझा 33000 की लाइन पर जा टकराया जिससे मांझे में करंट उतर आया। हाई वोल्टेज करंट लगने से बच्चा गंभीर रूप से झुलस गया। इतना ही नहीं हाई वोल्टेज करंट से समीर के घर का लिंटर भी चटक गया था।

इस बारे में जब कुतुबखाना के उपखंड अधिकारी गौरव शर्मा से बात की गई तो उनहोनें कहा कि चाइनीज मांझे टूटकर बिजली के तारों पर गिरता है तो इससे ट्रिपिंग की समस्या बढ़ जाती है जिससे उपभोक्ता परेशान होते हैं। पावर परिवर्तकों एवं हाई टेंशन लाइन पर अक्सर ऐसे मांझो की वजह से इंसुलेटर अथवा लाइन डैमेज होने का खतरा रहता है।

संबंधित समाचार