यूपी: साढ़े पांच लाख गरीबों का हुआ गृह प्रवेश, मुख्यमंत्री ने सौंपी घर की चाबी
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जब गरीबों को घर की चाबी सौंपी तो उनका अपना घर का सपना साकार हो गया। चाभी मिलने पर उनकी आंखें खुशी से भर आई। यह घर 5.51 लाख ग्रामीणों परिवारों को दिया गया, यह आवास 6637.72 करोड़ से तैयार किए गए है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों से …
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जब गरीबों को घर की चाबी सौंपी तो उनका अपना घर का सपना साकार हो गया। चाभी मिलने पर उनकी आंखें खुशी से भर आई। यह घर 5.51 लाख ग्रामीणों परिवारों को दिया गया, यह आवास 6637.72 करोड़ से तैयार किए गए है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों से वर्चुअल संवाद किया। जीवन के इस बेहद खास मौके को किसी ने अविस्मरणीय बताया तो कोई मोदी-योगी को धन्यवाद देते थक नही रहा।
मुख्यमंत्री आवास पर बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) और मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत बने 5.51 लाख आवासों की चाभी संबंधित परिवारों को सौंपी। अयोध्या, सोनभद्र, रायबरेली की पांच लाभार्थियों को मुख्यमंत्री ने प्रतीकात्मक चाभी दी, जबकि लाखों लोग वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े थे। गृह प्रवेश कर रहे लोगों को बधाई देते हुए योगी ने कहा कि 30 सालों में प्रदेश में 54 लाख लोगों को आवास की सुविधा मिली, जबकि बीते चार सालों में ही 41.73 लाख परिवारों का अपने घर का सपना पूरा हुआ।
पूर्ववर्ती सरकारों की नीतियों को आड़े हाथों लेते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि चार साल पहले भी ऐसी योजनाएं चलतीं थीं, लेकिन सरकार की खराब नीयत के चलते गरीबों को मिलने वाले रुपयों में सेंध लग जाया करती थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण समाज का एक ऐसा वर्ग जो लंबे समय तक उपेक्षित रहा है। उसको मुख्यधारा से जोड़ने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में काम किया जा रहा है। सभी बेघर या कच्चे मकानों में रह रहे परिवारों को 2022 तक बुनियादी सुविधायुक्त पक्का आवास उपलब्ध कराने के लिए जोर-शोर से काम चल रहा है। इससे पहले, ग्राम्य विकास विभाग के मंत्री राजेन्द्र सिंह ने प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री आवास योजना को गरीब परिवारों के लिए एक क्रांति सरीखा बताया। आभार विभागीय मंत्री आनंद स्वरुप शुक्ला ने किया।
इन्हें दी प्रतीकात्मक चाबी, छलक पड़ी भावनाएं
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के पांच लाभार्थियों अयोध्या की प्रेमा, रायबरेली की अंशू देवी, वाराणसी की मीरा देवी, कुशीनगर की संगीता देवी तथा सोनभद्र के बरई को आवास की प्रतीकात्मक चाभी वितरित की। घर की चाभी लेते हुए खुशी से सराबोर लाभार्थियों को जब मुख्यमंत्री से बात करने का मौका आया तो उनकी भावनाएं छलक पड़ीं। अयोध्या की 71 वर्षीय प्रेमा देवी ने देशज भाषा में घर का सपना पूरा करने के लिए पीएम-सीएम की जोड़ी को धन्यवाद दिया तो रायबरेली की अंशु देवी ने बताया कि पिछली बरसात में उनका कच्चा घर ढह गया था, ऐसे मुश्किल दौर में पक्का घर मिलना जीवन बदलने वाला है। इसी तरह, काशी की मीरा देवी, कुशीनगर की संगीता और सोनभद्र के बरई ने कच्चे व फूस के घर की दुश्वारियों को मुख्यमंत्री से साझा किया और पक्का मकान मिलने पर धन्यवाद दिया।
मुख्यमंत्री ने किया वर्चुअल संवाद
मुख्यमंत्री ने अन्य जिलों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े इस योजना के लाभार्थियों से संवाद भी किया। इनमें अयोध्या की कुमकुम, वाराणसी की कमला देवी, बहराइच की हाजरा तथा प्रतापगढ़ की सुशीला शामिल थीं। उन्होंने लखीमपुर खीरी के हाउसिंग क्लस्टर लंदनपुर ग्रंट की लाभार्थियों प्रेमवती तथा सरला से भी संवाद किया। लगभग 70 प्रतिशत आवासों का मालिकाना हक महिलाओं को दिया गया है।
