बरेली: दबंगों ने सेल्समैन को लूटा, दरोगा बोले- खुद पकड़ो
बरेली, अमृत विचार। बाइक सवार दबंगों ने तिराहे के पास सेल्समैन को घेरकर पहले उसे तमंचे की बटों से पीटा, फिर उसका मोबाइल और नकदी लूटकर फरार हो गए। घटना जन्माष्टमी के दिन हुई। पीड़ित ने इसकी शिकायत रुहेलखंड चौकी में की लेकिन पुलिस ने उनकी शिकायत रखकर उन्हें टरका दिया। सनराइज कॉलोनी निवासी प्रदीप …
बरेली, अमृत विचार। बाइक सवार दबंगों ने तिराहे के पास सेल्समैन को घेरकर पहले उसे तमंचे की बटों से पीटा, फिर उसका मोबाइल और नकदी लूटकर फरार हो गए। घटना जन्माष्टमी के दिन हुई। पीड़ित ने इसकी शिकायत रुहेलखंड चौकी में की लेकिन पुलिस ने उनकी शिकायत रखकर उन्हें टरका दिया।
सनराइज कॉलोनी निवासी प्रदीप कुमार ने बताया कि उनका भाई द्रुवेश कुमार डीडीपुरम के एक शोरूम में काम करता है। वह जन्माष्टमी की रात करीब 11 बजे घर लौट रहा था। जब वह सनराइज तिराहे के पास स्थित एक बारातघर के पास पहुंचा तो वहां पर बाइक सवार दो लड़कों ने उसे घेर लिया और तमंचे की बट से पीट-पीटकर लहूलुहान कर दिया। इसके बाद उसका मोबाइल और दो हजार रुपये लूटकर ले गए।
पीड़ित ने रुहेलखंड चौकी पहुंचकर घटना की शिकायत की। वहां तैनात दरोगा ने शिकायत लिखवाकर अपने पास रख लिया और उन्हें घर भेज दिया। पीड़ित को जब लूटे गए मोबाइल की लोकेशन मिली तो यह बात दरोगा को बताई। इस पर दरोगा ने उन्हें मौके पर भेज दिया और कहा कि जब लुटेरा मिल जाए तो उन्हें बता देना तो वे मौके पर आ जाएंगे। लेकिन काफी तलाश करने के बाद उन्हें लुटेरा नहीं मिला। पीड़ित परिवार का आरोप है कि पुलिस उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं कर रही है।
मामले की जांच कराई जाएगी। यदि लूट हुई है और कोई घायल हुआ है तो उसका मेडिकल कराना चाहिए था। दोषी पाए जाने पर दरोगा पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। -रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी
