बरेली: पूर्व सांसद राजवीर सिंह के बेटे ने भाजपा छोड़ सपा ज्वाइन की

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। आंवला लोकसभा से भाजपा से तीन बार सांसद रहे राजवीर सिंह के बेटे धीरेंद्र सिंह धीरू ने गुरुवार को लखनऊ में समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। धीरेंद्र के पिछले कई दिनों से सपा में शामिल होने की अटकलें चल रही थीं जो सच साबित हुईं। सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव …

बरेली, अमृत विचार। आंवला लोकसभा से भाजपा से तीन बार सांसद रहे राजवीर सिंह के बेटे धीरेंद्र सिंह धीरू ने गुरुवार को लखनऊ में समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। धीरेंद्र के पिछले कई दिनों से सपा में शामिल होने की अटकलें चल रही थीं जो सच साबित हुईं। सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ में उनको सदस्यता ग्रहण कराई। सपा में शामिल होने के बाद धीरू को अपने पिता राजवीर सिंह की राजनैतिक विरासत संभालने के रूप में देखा जा रहा है।

माना यह भी जा रहा है कि वह अब सपा के साथ नई पारी खेलेंगे। आगामी चुनाव में बिथरी चैनपुर विधानसभा से ताल भी ठोक सकते हैं। बता दें कि राजवीर सिंह भाजपा के बड़े नेता रहे हैं। वह भारतीय किसान मोर्चा के राष्ट्रीय संयोजक भी रहे थे। बताते हैं कि 2004 में लोकसभा चुनाव में राजवीर सिंह को भाजपा से टिकट नहीं मिला। तब उन्हें मुलायम सिंह यादव ने स्वयं फोन कर समाजवादी पार्टी में शामिल होकर लोकसभा का चुनाव लड़ने का ऑफर दिया। तब राजवीर सिंह सपा से चुनाव लड़े थे।

हालांकि इसके बाद वह न तो भाजपा के मंच पर और न ही कभी सपा के मंच पर नजर आए। इस बीच पिछले दिनों से उनके बेटे धीरू के सपा में शामिल होने की चर्चाएं तेज रहीं। सपा ज्वाइन करने के बाद गुरुवार रात फोन पर हुई वार्ता में धीरेंद्र सिंह धीरू ने बताया कि उन्होंने अखिलेख यादव की नीतियों से प्रभावित होकर सपा का दामन थामा है।

वर्तमान की भाजपा सरकार हर मोर्चे पर फेल है। इसलिए किसान और नौजवान परेशान हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव लड़ने का कोई इरादा नहीं है। सिर्फ कार्यकर्ता बनकर सपा से जुड़ा रहना चाहता हूं।

संबंधित समाचार