हल्द्वानी: हुलिया बदल ताबड़तोड़ कर डाली आठ वारदात

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, हल्द्वानी। चंडीगढ़ से आया एक शातिर पिछले तीन दिनों से हुलिया बदलकर हल्द्वानी में ताबड़तोड़ स्कूटी चोरी और लूट की वारदातों को अंजाम दे रहा था। वह अब तक यहां आठ वारदातों को अंजाम दे चुका था। पुलिस ने 650 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद शातिर को धर दबोचा। शुक्रवार को …

अमृत विचार, हल्द्वानी। चंडीगढ़ से आया एक शातिर पिछले तीन दिनों से हुलिया बदलकर हल्द्वानी में ताबड़तोड़ स्कूटी चोरी और लूट की वारदातों को अंजाम दे रहा था। वह अब तक यहां आठ वारदातों को अंजाम दे चुका था। पुलिस ने 650 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद शातिर को धर दबोचा।

शुक्रवार को पुलिस बहुद्देशीय भवन में हुई पत्रकार वार्ता में एसएसपी प्रीति प्रियदर्शिनी ने इसका खुलासा किया। बताया कि पिछले दिनों हल्द्वानी, मुखानी और काठगोदाम जीआरपी क्षेत्र से स्कूटी चोरी और स्कूटी सवार युवक द्वारा राहगीरों से लूट की वारदातें प्रकाश में आई थीं। इस बीच पता चला कि कोई चोरी की स्कूटी से ही लूट की वारदातों को अंजाम दे रहा है। इसके बाद पुलिस ने काठगोदाम से लेकर हल्द्वानी और मुखानी तक 650 से अधिक कैमरों की फुटेज खंगाली।

चोरी और लूट की वारदातों को अंजाम देता शातिर फुटेज में सामने आया। वह हुलिया बदल-बदल कर वारदातों को अंजाम दे रहा था। इसके बाद पुलिस ने शातिर की तलाश शुरू कर दी। आखिरकार शुक्रवार को आरोपी कवि बिष्ट निवासी थाना नयागांव जिला मोहाली चंडीगढ़ पुलिस के हत्थे चढ़ गया। एसएसपी ने बताया कि आरोपी से सघन पूछताछ की जा रही है। आरोपी पहले परिवार समेत हल्द्वानी में ही रहता था। वर्ष 2016 में परिवार चंडीगढ़ शिफ्ट हो गया। खुलासे के दौरान एसपी सिटी डॉ जगदीश चंद्र, सीओ सिटी शांतनु पाराशर, कोतवाल अरुण कुमार सैनी, एसओ सुशील कुमार आदि थे।

लत पूरी करने के लिए करता था वारदात
लूटपाट के लिए महिलाओं और बुजुर्गों को बनाता था निशाना
हल्द्वानी। आरोपी को नशे की लत है। चंडीगढ़ जाने के बाद उसे नशे की लत लगी। इसी लत को पूरी करने के लिए वह चंडीगढ़ और हरियाणा में चोरी और लूट की वारदातें करने लगा। 30 अगस्त को आरोपी हल्द्वानी पहुंचा। यहां उसी शाम डीके पार्क से स्कूटी चुराई। इस स्कूटी से एसडीएम कोर्ट के सामने देर रात युवती का पर्स लूटा। इसी रात पीलीकोठी में भी महिला का पर्स लूटा। अगले दिन सुबह रामपुर रोड आईटीआई से एक और स्कूटी चुराई। उसी रात में काठगोदाम रेलवे स्टेशन से भी स्कूटी पर हाथ साफ किया। चोरी की स्कूटी से उसी दिन जजफार्म और गैस गोदाम रोड में दो महिलाओं का हजारों रुपए भरा पर्स लूटा। पहली सितंबर को सीएमटी कॉलोनी डहरिया से बुजुर्ग का 50 हजार भरा पर्स लूटा।

चंडीगढ़ और हरियाणा में कई मामले दर्ज
हल्द्वानी। शातिर के खिलाफ चंडीगढ़ और हरियाणा में 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी के खिलाफ हल्द्वानी में चार, मुखानी में तीन और जीआरपी में एक और केस दर्ज कर लिया गया है। अब तक शातिर पर 19 केस दर्ज हो चुके हैं। चंडीगढ़ और हरियाणा पुलिस आरोपी को कई बार गिरफ्तार कर चुकी है। वहां जेल से छूटने के बाद आरोपी हल्द्वानी पहुंचकर वारदातों को अंजाम देने लग गया।

एसएसपी ने टीम को दिया इनाम
लूट और स्कूटी चोरी के खुलासे के लिए नौ उप निरीक्षक और पांच कांस्टेबलों की टीम को लगाया गया था। एसएसपी ने सफलता पर टीम को ढाई हजार रुपए इनाम देने की घोषणा की।

संबंधित समाचार