बरेली: फिलीपींस की मारिया की शादी पर ‘सरकारी मुहर’ की राह में कानून

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। फिलीपींस के मनीला की मारिया ने 24 नवंबर, 2019 को आजाद नगर कॉलोनी (कटरा चांद खां) के गौरव के साथ शादी रचायी। तब से मारिया ससुराल में ही रह रही है। मारिया अब पति के साथ फिलीपींस जाना चाहती है लेकिन पति को साथ ले जाने के लिए उसे पहले स्पेशल मैरिज …

बरेली, अमृत विचार। फिलीपींस के मनीला की मारिया ने 24 नवंबर, 2019 को आजाद नगर कॉलोनी (कटरा चांद खां) के गौरव के साथ शादी रचायी। तब से मारिया ससुराल में ही रह रही है। मारिया अब पति के साथ फिलीपींस जाना चाहती है लेकिन पति को साथ ले जाने के लिए उसे पहले स्पेशल मैरिज एक्ट में शादी का पंजीकरण कराना अनिवार्य है, लेकिन उसकी शादी पर सरकारी मुहर लगने की राह में कानून आड़े आ रहा है।

मारिया ने स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत पंजीयन कराने के लिए 16 अगस्त को एसडीएम सदर विशु राजा को प्रार्थना पत्र दिया था लेकिन मसला हल नहीं हुआ। एसडीएम सदर ने बिना नागरिकता के स्पेशल मैरिज एक्ट में पंजीयन नहीं होने की बात कहते हुए मामले के निस्तारण के लिए डीजीसी से राय मांगी। इस बीच कई दिन गुजर गए लेकिन मारिया के प्रार्थना पत्र पर सुनवाई नहीं हुई।

शनिवार को सदर तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी नितीश कुमार और एसएसपी रोहित सजवाण शिकायतों पर सुनवाई कर रहे थे। तभी मारिया अपने पति गौरव के साथ पहुंची और डीएम से स्पेशल मैरिज एक्ट में पंजीयन कराने की गुहार की। कहा कि वह कई दिनों से तहसील के चक्कर काट रही है।

16 सितंबर को वीजा अवधि समाप्त हो रही है। पंजीयन नहीं हुआ तो उसे वापस फिलीपींस लौटना पड़ेगा। मारिया ने डीएम को एसडीएम सदर से 2019 से पहले स्पेशल मैरिज एक्ट में विदेशी महिला की शादी के पंजीयन के प्रमाणपत्र भी दिखाए। बताते हैं कि डीजीसी ने भी अपनी राय में स्पष्ट नहीं बताया। हालांकि डीएम से मिलने के बाद मारिया को पंजीयन होने की आस जगी है।

संबंधित समाचार