खटीमा: पुलिस ने की बाइक सीज तो संविदा कर्मी ने काटी थाने की लाइट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

खटीमा, अमृत विचार। नेपाल सीमा से सटे थाना झनकईया पुलिस द्वारा बाइक सीज करने से नाराज बिजली विभाग संविदा कर्मियों द्वारा थाने के सामने लगे ट्रांसफार्मर में छेड़छाड़ कर क्षेत्र की बिजली गुल कर देने का मामला प्रकाश में आया है। लोहियाहेड फीडर के विभागीय लाइन मैन ने पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा …

खटीमा, अमृत विचार। नेपाल सीमा से सटे थाना झनकईया पुलिस द्वारा बाइक सीज करने से नाराज बिजली विभाग संविदा कर्मियों द्वारा थाने के सामने लगे ट्रांसफार्मर में छेड़छाड़ कर क्षेत्र की बिजली गुल कर देने का मामला प्रकाश में आया है। लोहियाहेड फीडर के विभागीय लाइन मैन ने पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी है। विभागीय लाइनमैन का कहना है कि संविदाकर्मियों की इस कारस्तानी से गंभीर दुर्घटना हो सकती थी।

झनकईया थाना पुलिस को सौंपी तहरीर में बिजली विभाग के लोहियाहेड फीडर के लाइन मैन हरेंद्र सिंह ने कहा है कि 2 सितंबर को शाम करीब 6.45 बजे थाना झनकईया से फोन आया कि आसपास के क्षेत्र में कहीं भी लाईट नहीं है। पुलिस के अनुसार लाइन मैन ने जब जांच की तो पता चला कि थाने के सामने लगे ट्रांसफार्मर में तीनों फ्यूज से तार को हटाया गया था तथा एलटी लाइन में तार शॉर्ट किया गया था।

लाइन मैन के अनुसार यदि फ्यूज जोड़कर सीधे लाइन जोड़ दी जाती तो कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती थी इसके साथ ही तारों में विस्फोट भी हो सकता था। आरोप है कि 2 सितंबर को एक आरोपी मुंडेली निवासी राकेश गौतम की बाइक को थाना झनकईया पुलिस ने सीज कर दिया था जिससे नाराज संविदा लाइनमैन राकेश गौतम, जितू राणा, जयप्रकाश राणा, खटीमा फीडर के मीटर रीडर चंद्रशेखर भट्ट व एक अन्य युवक ने ट्रांसफार्मर में छेड़छाड़ कर थाने की बिजली गुल कर दी। पांचों बिजली विभाग खटीमा में संविदा पर कार्यरत हैं। जिनका लोहियाहेड फीडर से कोई लेना-देना नहीं है। इनके द्वारा बिना किसी की अनुमति के ट्रांसफार्मर में छेड़छाड़ की है। थाना पुलिस ने चार नामजद समेत एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले की विवेचना एसआई राजेंद्र पंत को सांपी गई है।

संबंधित समाचार