बाराबंकी: अधिवक्ता की गला रेतकर निर्मम हत्या, बार एसोसिएशन ने की ये बड़ी मांग
बाराबंकी। शहर कोतवाली क्षेत्र में रविवार सुबह जूनियर अधिवक्ता की निर्मम हत्या करके फेंका हुआ शव मिलने के बाद हड़कम्प मच गया। घटनास्थल पर पुलिस टीम के साथ पहुँचे पुलिस अधीक्षक यमुना प्रसाद ने फॉरेन्सिक टीम, डॉग स्क्वायड और सर्विलांस टीमों को जाँच मे लगाकर हत्याकांड के खुलासे के प्रयास तेज कर दिये है। जानकारी …
बाराबंकी। शहर कोतवाली क्षेत्र में रविवार सुबह जूनियर अधिवक्ता की निर्मम हत्या करके फेंका हुआ शव मिलने के बाद हड़कम्प मच गया। घटनास्थल पर पुलिस टीम के साथ पहुँचे पुलिस अधीक्षक यमुना प्रसाद ने फॉरेन्सिक टीम, डॉग स्क्वायड और सर्विलांस टीमों को जाँच मे लगाकर हत्याकांड के खुलासे के प्रयास तेज कर दिये है। जानकारी के अनुसार सफदरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम छेद्दापुरवा मजरे पड़रा निवासी कुलदीप रावत (30) पुत्र रामसजीवन का शव सुबह शहर कोतवाली क्षेत्र नारे का पुरवा गॉव के पास मुर्गी फार्म के समीप लावारिस हालत मे गला रेता हुआ पुलिस ने बरामद किया। दो घंटे बाद सुबह 7 बजे शव की शिनाख्त मृतक के भाई शिवदीप ने कुलदीप के रूप मे की।
मृतक कुलदीप कचेहरी मे वरिष्ठ अधिवक्ता अंजनी तिवारी के पास वकालत करता था। वहां से रोजना की भांति शहर कोतवाली के मोहल्ला आज़ाद नगर स्थित अपनी पत्नी लक्ष्मी के ब्यूटीपार्लर के साथ चल रहे सिलाई केन्द्र जाता था, और वहां सिलने के लिये आये लेडीज़ कपड़ो की सिलाई करता था। बीती शाम भी पत्नी के सिलाई केन्द्र से ब्लाउज के कपड़े लेकर उनकी कटिंग कराने एक टेलर के पास गया था, जहाँ उसे किसी का फोन आने पर क्लाइंट का फोन बता कर उससे मिलने बाइक से गया था। पुलिस की विवेचना मे यह बात भी सामने आयी है कि बीती रात 8 बजकर 16 मिनट पर आये फोन से बात करने के बाद जिस नम्बर से फोन आया था वह अब स्विच ऑफ़ है।
जल्द पकड़े जाएंगे हत्यारे – एसपी
पुलिस अधीक्षक यमुना प्रसाद ने वारदात स्थल का मुआयना करने के बाद कहा कि मृतक कुलदीप की गर्दन कटी हुई है, शव के पास उसकी बाइक और मोबाइल फोन पड़ा हुआ था। उन्होंने कहा कि हत्यारो को जल्द ही पकड़ कर हत्याकांड का खुलासा किया जायेगा। वही कोतवाली प्रभारी का कहना कि मृतक कि पत्नी लक्ष्मी अभी कुछ बताने कि हालत मे नहीं है जैसे ही जारी तहक़ीकत मे ठोस सबूत मिलने पर मीडिया को अवगत कराया जायेगा।
बहु पर जताया हत्या का शक
मृतक अधिवक्ता कुलदीप की माँ कमला का कहना है कि उसका बेटा कचेहरी मे वकालत करने के बाद बहु के सिलाई केन्द्र पर सिलाई करने जाता था। उसके बाद टेलर के यहां जाता था। कमला का कहना है और कोई नहीं बहु करा सकती है हत्या।
अधिवक्ताओं मे दिखा रोष, पुरसा देने पहुँचे नेता
अधिवक्ता की हत्या की खबर पूरे जिले मे सोसल मीडिया के जरिये तेज़ी से फैलने के बाद हड़कम्प मच गया। यह जानकारी जिला बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों को मिलते ही वरिष्ठ अधिवक्ता के महामंत्री नरेश सिंह ने एसपी और शहर कोतवाल से बात करके दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की मांग की और जिसके बाद पोस्टमार्टम हॉउस मे भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान सपा के पूर्व मंत्री अरविन्द सिंह गोप, पूर्व जैदपुर विधायक रामगोपाल रावत और हशमत अली गुड्डू ने पहुंच कर दुख मे डूबे परिजनों को ढांढस बंधाया।
