बरेली: मंत्री से भी बड़ा प्रोटोकॉल, भाजयुमो अध्यक्ष की रैली में 47 पुलिसकर्मी तैनात

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। भारतीय जनता पार्टी के युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष अमन सक्सेना का सोमवार सुबह 28 स्थानों पर स्वागत होने का कार्यक्रम जारी हुआ तो हर कोई हैरान रह गया। वो इसलिए क्योंकि रविवार को केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा शहर में रहे लेकिन इतने स्थानों पर उनके स्वागत का भी कार्यक्रम जारी …

बरेली, अमृत विचार। भारतीय जनता पार्टी के युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष अमन सक्सेना का सोमवार सुबह 28 स्थानों पर स्वागत होने का कार्यक्रम जारी हुआ तो हर कोई हैरान रह गया। वो इसलिए क्योंकि रविवार को केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा शहर में रहे लेकिन इतने स्थानों पर उनके स्वागत का भी कार्यक्रम जारी नहीं हुआ।

संगठन के पदाधिकारियों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गयीं। सबसे दिलचस्प बात यह भी रही कि अमन सक्सेना के 70 से अधिक गाड़ियों के काफिले को लेकर शहर में घूमने के दृष्टिगत 47 पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगायी गयी। इसके लिए यातायात पुलिस ने ट्रैफिक व्यवस्था करने के लिए ड्यूटी चार्ट तैयार किया। किन-किन पुलिस कर्मियों की ड्यूटी कहां लगायी जाएगी, इसकी लिखित में सूची जारी की गयी।

ट्रैफिक व्यवस्था के लिए 10 प्वाइंट बनाए गए। इन्हीं प्वाइंटों पर पुलिस कर्मियों को तैनात किया। एक और मजेदार बात इसमें जुड़ी। रैली के आगे यातायात व्यवस्था के लिए ट्रैफिक की इंटरसेप्टर दौड़ी। कार्यक्रम में ट्रैफिक इंस्पेक्टर, तीन ट्रैफिक दरोगा समेत हेड कांस्टेबल, होमगार्ड और पीआरडी जवानों को लगाया गया। कई क्षेत्रों में घूमने के बाद रैली सिविल लाइंस स्थित पार्टी कार्यालय पर समाप्त हुई। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों में यही चर्चा रही कि अमन सक्सेना ने ऐसा प्रोटोकाल बनवाया, जैसे किसी कैबिनेट मंत्री की रैली शहर में घूमेगी। इससे पहले इस तरह भाजयुमो के पदाधिकारी के लिए इतनी बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों की ड्यूटी नहीं लगी और न ही विशेषतौर पर ड्यूटी चार्ट तैयार किया गया था।

पार्टी कार्यालय पर अमन सक्सेना का हुआ भव्य स्वागत
भारतीय जनता युवा मोर्चा के नवनियुक्त महानगर अध्यक्ष अमन सक्सेना के नेतृत्व में अभिनंदन यात्रा निकाली गयी। जो झुमका चौराहा से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न स्थानों से होकर गुजरी तब अमन सक्सेना का स्वागत हुआ। पार्टी कार्यालय पर कार्यक्रम हुआ। यहां पर भाजपा महानगर अध्यक्ष डॉक्टर केएम अरोड़ा के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने अमन का स्वागत किया। भाजपा महानगर अध्यक्ष ने कहा कि युवाओं से संगठन को मजबूती मिलती है और मिशन 2022 की सभी को तैयारी करनी है। इस मौके पर मुख्यरूप से अधीर सक्सेना, प्रतेश पांडे, विष्णु शर्मा, देवेंद्र जोशी, बंटी ठाकुर, रेखा श्रीवास्तव, अरुण कश्यप, डॉ तृप्ति गुप्ता, प्रभु दयाल लोधी, राज अग्रवाल, अमरीश कठेरिया, हरबंस सेठी, गौरव गुप्ता, अभय गुप्ता, अंकित भाटिया, अखिल अग्रवाल आदि युवा मौजूद रहे।

संबंधित समाचार