हल्द्वानी: अवैध कटान प्रकरण में फॉरेस्ट गार्ड से होगी 3.64 लाख रुपए की वसूली

हल्द्वानी, अमृत विचार। तराई के जंगल में अवैध कटान प्रकरण में फॉरेस्ट गार्ड से 3.64 लाख रुपए का जुर्माना वसूला जाएगा। यह जुर्माना उसके वेतन से 50 किस्तों में वसूला जाएगा। वन अधिकारियों के अनुसार, तराई केंद्रीय वन डिवीजन की वन टीम ने दो साल पहले जुलाई 2019 ने एक शीशम के गिल्टों से भरी …
हल्द्वानी, अमृत विचार। तराई के जंगल में अवैध कटान प्रकरण में फॉरेस्ट गार्ड से 3.64 लाख रुपए का जुर्माना वसूला जाएगा। यह जुर्माना उसके वेतन से 50 किस्तों में वसूला जाएगा।
वन अधिकारियों के अनुसार, तराई केंद्रीय वन डिवीजन की वन टीम ने दो साल पहले जुलाई 2019 ने एक शीशम के गिल्टों से भरी हुई पिकअप वाहन पकड़ा था। इसमें शीशम के तकरीबन 8-10 गिल्टे मिले थे। शुरूआती जांच में टांडा वन रेंज से अवैध कटान का मामला सामने आया था। इस पर वन अधिकारियों ने फॉरेस्ट गार्ड पंकज सिंह को सस्पेंड कर दिया था।
इस मामले की जांच तराई पूर्वी वन डिवीजन में तैनात एसडीओ शिवराज सिंह को सौंपी गई। अब एसडीओ ने इस प्रकरण की जांच पूरी कर ली है। एसडीओ की जांच रिपोर्ट के अनुसार अवैध कटान में फॉरेस्ट गार्ड को दोषी पाया गया है। इस पर वन विभाग ने पंकज सिंह पर 3.64 लाख रुपए का जुर्माना ठोका। यह रकम गार्ड की सैलरी से 50 किस्तों में बांटी जाएगी। इधर, फॉरेस्ट गार्ड पंकज सिंह का तबादला तराई केंद्रीय वन डिवीजन से वन अनुसंधान संस्थान हल्द्वानी हो गया है। इसके बाद तराई केंद्रीय वन डिवीजन के अधिकारियों ने वन अनुसंधान के अधिकारियों से इस जुर्माने की वसूली के लिए पत्र लिखा है।
टांडा रेंज में अवैध कटान प्रकरण की जांच रिपोर्ट जांच अधिकारी एसडीओ शिवराज सिंह ने सौंप दी है। रिपोर्ट के आधार पर फॉरेस्ट गार्ड पंकज सिंह से जुर्माने की वसूली उसके वेतन से किस्तों में की जाएगी। गार्ड का तबादला अब वन अनुसंधान में हो गया है इसलिए मुख्य वन संरक्षक वन अनुसंधान को इस बारे में लिखा गया है।
-डॉ. अभिलाषा सिंह, डीएफओ, तराई केंद्रीय वन डिवीजन हल्द्वानी