टनकपुर से नेपाल के लिए नहर निर्माण का कार्य युद्ध स्तर पर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

देवेन्द्र चन्द देवा, अमृत विचार,टनकपुर। भारत नेपाल देश के बीच वर्ष 1992 में हुए महाकाली संधि के अंतर्गत भारत द्वारा टनकपुर बैराज से तकरीबन 1.2 किलोमीटर नेपाल के लिए सिंचाई नहर निर्माण का कार्य इस समय युद्धस्तर पर चल रहा है। इस दौरान कोरोना महामारी के कारण बीच में चार माह तक कार्य ना हो …

देवेन्द्र चन्द देवा, अमृत विचार,टनकपुर। भारत नेपाल देश के बीच वर्ष 1992 में हुए महाकाली संधि के अंतर्गत भारत द्वारा टनकपुर बैराज से तकरीबन 1.2 किलोमीटर नेपाल के लिए सिंचाई नहर निर्माण का कार्य इस समय युद्धस्तर पर चल रहा है। इस दौरान कोरोना महामारी के कारण बीच में चार माह तक कार्य ना हो पाने से निर्माण कार्य खासा प्रभावित रहा। निर्माण कार्यदायी संस्था का दावा है कि अगले वर्ष सितंबर माह तक इस नहर का कार्य पूरा कर दिया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि दोनों देशों के बीच टनकपुर बैराज निर्माण के दौरान हुए समझौते के मद्देनजर इस वर्ष फरवरी माह से फरीदाबाद की कार्यदायी संस्था एएनएस कंपनी द्वारा नेपाल के लिए बैराज से 1.2 किलोमीटर नहर का निर्माण कार्य किया जा रहा है। इस दौरान कोरोना महामारी में लॉकडाउन के कारण लगभग 4 माह तक निर्माण कार्य नहीं हो पाया था, जबकि कार्यदायी संस्था को निर्माण का कार्य अगले वर्ष फरवरी माह तक पूरा करना था।

लॉकडाउन के चलते निर्माण कार्य प्रभावित होने से अब यह कार्य निर्धारित तिथि पर हो पाना संभव नहीं लगता है। वही शारदा नदी के बैराज से नेपाल को दिए जाने वाले पानी के मुख्य गेट के निर्माण कार्य के दौरान टनकपुर जल विद्युत परियोजना एनएचपीसी द्वारा इस वर्ष 8 फरवरी से 31 मार्च तक बैराज के सभी गेट से पानी छोड़ा गया था।

इस अवधि में एनएचपीसी द्वारा बिजली उत्पादन कार्य को भी बंद करना पड़ा था। इस नहर निर्माण के लिए कार्यदायी संस्था ने टनकपुर वन विकास निगम खनन प्रभाग से साढ़े तीन लाख घन मीटर खनन सामग्री की मांग की थी,इसके एवज में अभी तक निगम से उन्हें सवा दो लाख घन मीटर ही खनन सामग्री उपलब्ध हो पाया है। मालूम हो कि बनबसा बैराज से भी भारत द्वारा नेपाल में सिंचाई के लिए शारदा नदी से पानी दिया जाता है। कमोवेश अब शीघ्र ही टनकपुर बैराज से भी नेपाल में नहर को दी जाने वाली पानी सप्लाई से पड़ोसी देश नेपाल के कई ग्रामीण अंचलों के लोग लाभान्वित हो सकेंगे।

57 करोड़ की लागत से हो रहा निर्माण कार्य
टनकपुर। कार्यदाई संस्था एएनएस कंपनी के प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर वी एस राणा ने बताया कि टनकपुर बैराज से 1.2 किलोमीटर लंबी नहर निर्माण का कार्य 57 करोड़ की लागत से हो रहा है।उन्होंने कहा कि हेड द्वार का निर्माण कार्य 95 फीसदी हो चुका है,जबकि नहर का कार्य करीब 70 फीसदी तक हो चुका है। उन्होंने कहा कि शर्तों के आधार पर नहर निर्माण कार्य अगले वर्ष फरवरी तक पूरा करना था लेकिन लॉकडाउन के कारण इसमें देरी हो गई है। उन्होंने दावा किया कि अगले वर्ष सितंबर माह तक नेपाल को दी जाने वाली नहर निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा।

संबंधित समाचार