बरेली: भाजपा सरकार को लोकतंत्र में विश्वास नहीं: राजेंद्र
बरेली, अमृत विचार। सर्किट हाउस में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने कहा कि भाजपा ने 2017 में जनता से जो वादे किए थे उसमें से एक भी पूरा नहीं किया। जनता को धोखा देकर पूरी व्यवस्था को तहस-नहस करने पर तुली भाजपा के भ्रष्ट आचरण की जांच सपा सरकार …
बरेली, अमृत विचार। सर्किट हाउस में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने कहा कि भाजपा ने 2017 में जनता से जो वादे किए थे उसमें से एक भी पूरा नहीं किया। जनता को धोखा देकर पूरी व्यवस्था को तहस-नहस करने पर तुली भाजपा के भ्रष्ट आचरण की जांच सपा सरकार आने पर होगी। भाजपा सरकार का लोकतंत्र में विश्वास नहीं रह गया है, इसलिए इसे समाप्त करने का प्रयास कर रही है।
राजेंद्र चौधरी ने कहा आरएसएस के एजेंडे पर चलने वाली भाजपा ने किसानों को हर कदम पर धोखा दिया है। आय दोगुना करनी की बात तो दूर किसान को फसल उत्पादन का लागत मूल्य तक नहीं मिल रहा। कृषि कानून मामले में भी किसान अब एक कदम पीछे नहीं हटेंगे और यूपी से भाजपा का सफाया तय है। प्रदेश की कानून व्यवस्था को पूरी तरीके से ध्वस्त बताया।
सपा सरकार में अखिलेश यादव ने अंतरराष्ट्रीय स्तर की पुलिसिंग की व्यवस्था लागू की थी। जिसे वर्तमान की योगी सरकार ने पूरी तरीके से बर्बाद कर दिया।
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव अगले महीने से चुनाव को लेकर सक्रिय हो जाएंगे। यह सिर्फ इसलिए जरूरी है क्योंकि भाजपा लोकतंत्र में विश्वास नहीं करती है। सिर्फ वादा खिलाफी में खुद को सफल मानती है। प्रेसवार्ता में मुख्यरूप से समाजवादी अध्ययन केंद्र के संस्थापक मणेंद्र मिश्रा, जिलाध्यक्ष अगम मौर्य, महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी, पूर्व मंत्री आताउर रहमान, सतेंदर यादव, विजयपाल सिंह, मयंक शुक्ला आदि उपस्थित रहे।
