बरेली: पटरी कारोबारी की मौत, निगम कर्मियों को ठहराया जिम्मेदार
बरेली, अमृत विचार। बिहारीपुर के रहने वाले पटरी कारोबारी राजीव गुप्ता की बुधवार को हार्ट अटैक से मौत पर पार्षदों और व्यापारियों ने मदद को हाथ बढ़ाए हैं। दूसरी तरफ व्यापारी नेताओं ने नगर निगम के अतिक्रमण दस्ते को कारोबारी की मौत का जिम्मेदार ठहराया है। व्यापारी नेता विशाल मेहरोत्रा ने कहा कि बीते दिनों …
बरेली, अमृत विचार। बिहारीपुर के रहने वाले पटरी कारोबारी राजीव गुप्ता की बुधवार को हार्ट अटैक से मौत पर पार्षदों और व्यापारियों ने मदद को हाथ बढ़ाए हैं। दूसरी तरफ व्यापारी नेताओं ने नगर निगम के अतिक्रमण दस्ते को कारोबारी की मौत का जिम्मेदार ठहराया है।
व्यापारी नेता विशाल मेहरोत्रा ने कहा कि बीते दिनों निगम की टीम ने अतिक्रमण अभियान के दौरान पटरी कारोबारी का सामान जब्त कर लिया था। पार्षद पूर्व उपसभापति अतुल कपूर ने मामले की जानकारी होने पर नगर आयुक्त से वार्ता कर जब्त सामान वापस दिलाया। मंगलवार शाम को एक बार निगम की टीम के आने की सूचना मिली तो अन्य पटरी कारोबारी सामान समेटने लगे। यह देख राजीव की तबीयत बिगड़ने लगी और कुछ ही देर में दिल का दौरा पड़ गया। किसी तरह उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान मौत हो गई। इसको लेकर रेहड़ी पटरी कारोबारियों में रोष है।
मेहरोत्रा ने बताया कि राजीव परिवार में अकेले कमाने वाले सदस्य थे। उनकी सिर्फ एक बेटी है। अनाथ हो चुकी मेघा ने सिटी श्मशान भूमि में पिता को मुखाग्नि दी। वहीं मौजूद अन्य व्यापरियों ने हर संभव सहयोग की बात कही।
अंत्येष्टि में शामिल होने पहुंचे व्यापारी नेता विशाल मेहरोत्रा, पार्षद पूर्व उपसभापति अतुल कपूर से पटरी कारोबारियों ने गुहार लगाई कि निगम द्वारा उनको प्रताड़ित ना किया जाए। जिस पर सभी को भरोसा दिलाया गया कि उक्त घटना को लेकर वह पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद संतोष गंगवार, मेयर डा. उमेश गौतम, शहर विधायक डा. अरुण कुमार और नगर आयुक्त अभिषेक आनंद से बातचीत करेंगे।
