बरेली: सरकारी गल्ले में प्लास्टिक का चावल बांटने की सूचना पर हंगामा
बरेली, अमृत विचार। गुरूवार को सीबीगंज के बिधौलिया में सरकारी गल्ले की दुकान से प्लास्टिक के चावल वितरित किए जाने की सूचना के बाद हंगामा मच गया। आरोप लगाया गया कि कोटेदार सरकारी गल्ले के नाम पर प्लास्टिक के चावल बांट रहा है। कार्ड धारक ने विक्रेता से इसकी शिकायत की तो वह दुकान बंदकर …
बरेली, अमृत विचार। गुरूवार को सीबीगंज के बिधौलिया में सरकारी गल्ले की दुकान से प्लास्टिक के चावल वितरित किए जाने की सूचना के बाद हंगामा मच गया। आरोप लगाया गया कि कोटेदार सरकारी गल्ले के नाम पर प्लास्टिक के चावल बांट रहा है। कार्ड धारक ने विक्रेता से इसकी शिकायत की तो वह दुकान बंदकर फरार हो गया। जिसके बाद लोग राशन डीलर की दुकान के बाहर ही हंगामा करने लगे। पूर्ति विभाग के अधिकारियों ने प्लास्टिक के चावल होने से इनकार किया है।
स्थानीय निवासी रिंकू ने बताया कि कल्बे हुसैन नाम कोटेदार के यहां से एक कार्ड धारक द्वारा गल्ला लिया गया था लेकिन देखने में यह चावल प्लास्टिक के लगे। चावलों को दांत से भी दबाने की कोशिश की लेकिन गड़बड़ लगी। जिसके बाद कोटेदार को चावल की शिकायत करने पहुंचे तो वह भाग गया। मामला पूर्ति विभाग के अधिकारियों तक पहुंचा।
जिला पूर्ति अधिकारी ने चावलों को अपने कार्यालय मंगाकर उसको पकाकर देखा। जिला पूर्ति अधिकारी नीरज सिंह ने बताया कि फिलहाल सारा खाद्यान एफसीआई से आता है और वहां से ब्लाक गोदाम तक जाता है। लगातार वितरण किया जा रहा है ऐसी कोई भी शिकायत अभी तक प्राप्त नहीं हुई है।
उन्होनें बताया कि चावल किसी बदली हुई क्वालिटी का हो सकता है जिसकी वजह से लोगों को यह प्लास्टिक का लगा। अपने कार्यायल में चावल पकाकर भी देखे जो खाने में बिल्कुल सही पाए गए। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
