बाराबंकी: वार्ड आया पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
बाराबंकी। विगत पांच दिन पूर्व सीएचसी बड़गांव के आवासीय परिसर में वार्ड आया केतकी रावत पर लिवइन रिलेशनशिप के साथी द्वारा किये गये जानलेवा हमले के आरोपी व साथी को मसौली पुलिस ने बड़गांव आईटीआई रोड़ पर मुठभेड़ में गिरफ्तार कर अवैध असलहा बरामद किया। आरोपी व पुलिस की मुठभेड़ में हेड कांस्टेबल सहित दोनों …
बाराबंकी। विगत पांच दिन पूर्व सीएचसी बड़गांव के आवासीय परिसर में वार्ड आया केतकी रावत पर लिवइन रिलेशनशिप के साथी द्वारा किये गये जानलेवा हमले के आरोपी व साथी को मसौली पुलिस ने बड़गांव आईटीआई रोड़ पर मुठभेड़ में गिरफ्तार कर अवैध असलहा बरामद किया। आरोपी व पुलिस की मुठभेड़ में हेड कांस्टेबल सहित दोनों अपराधियों के पैर में गोली लगने से घायल हो गये जिनको सीएचसी बड़ागांव में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
बीते मंगलवार को प्रातः करीब 8 बजे सीएचसी परिसर में बने आवासों में रह रही वार्ड आया केतकी रावत पर उसके ही साथ लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे दिनेश कुमार रावत ने चाकू से जानलेवा हमला कर गम्भीर रूप से घायल कर दिया और पीड़िता को धमकी देता हुआ फरार हो गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां से ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया था।
घटना के बाद से फरार चल रहे दिनेश की तलाश में जुटी पुलिस को रविवार की दोपहर मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि बाराबंकी – बहराइच हाइवे से आईटीआई कालेज जाने वाली सड़क पर दो लोग संदिग्ध रूप से बैठे है । सूचना पाकर प्रभारी निरीक्षक मसौली सुमित कुमार श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक कन्हैया पांडेय, धनीराम वर्मा, हेड कॉन्स्टेबल रामनयन सिंह, फतेहबहादुर वर्मा सहित अन्य पुलिसकर्मी जैसे ही निकट तालाब के किनारे पहुंचे वैसे ही बदमाशों ने पुलिस पर फायर कर दिया।
जिसमें हेड कॉन्स्टेबल रामनयन सिंह के पैर में गोली लगी वही पुलिस की जवाबी कार्यवाही में दिनेश रावत पुत्र श्रीकेशन निवासी ग्राम दौलतपुर थाना फतेहपुर व उसके साथी अल्ताफ हुसैन पुत्र मेहंदी हसन निवासी नरायनपुर थाना फतेहपुर के पैर में गोली लगने से घायल हो गये। हेड कॉन्स्टेबल सहित दोनों अभियुक्तों को पुलिस ने सीएचसी बड़गांव में भर्ती कराया जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
