बरेली: महाविद्यालयों में परास्नातक के जल्द शुरू होंगे प्रवेश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश की प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है। परास्नातक के एमएससी, एमएड व अन्य पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए विश्वविद्यालय ने ऑनलाइन आवेदन भी खोल दिए हैं लेकिन महाविद्यालयों में एमए, एमकॉम व अन्य पाठ्यक्रमों में होने वाले प्रवेश को लेकर …

बरेली, अमृत विचार। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश की प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है। परास्नातक के एमएससी, एमएड व अन्य पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए विश्वविद्यालय ने ऑनलाइन आवेदन भी खोल दिए हैं लेकिन महाविद्यालयों में एमए, एमकॉम व अन्य पाठ्यक्रमों में होने वाले प्रवेश को लेकर अभी स्थिति साफ नहीं है।

हालांकि कई महाविद्यालयों ने ऑनलाइन आवेदन के लिए पोर्टल ओपन करने की तैयारी कर ली है और विश्वविद्यालय के दिशा-निर्देशों का इंतजार कर रहे हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन एक सप्ताह में इस संबंध में निर्देश जारी कर देगा। साथ ही स्नातक तृतीय वर्ष का रिजल्ट भी जारी कर दिया जाएगा।

विश्वविद्यालय ने स्नातक की प्रवेश प्रक्रिया तो 1 अगस्त से शुरू कर दी लेकिन परास्नातक की प्रवेश प्रक्रिया समय पर शुरू नहीं हो सकी है। इसकी प्रमुख वजह है कि स्नातक तृतीय वर्ष का अभी तक रिजल्ट जारी नहीं हो सका है। स्नातक तृतीय वर्ष की परीक्षाएं ही अगस्त के अंत तक संचालित हुईं। ऐसे में समय पर मूल्यांकन पूरा ही नहीं हो सका। अब बताया जा रहा है कि एक सप्ताह में रिजल्ट जारी कर दिया जाएगा। उसके बाद से परास्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश हो जाएंगे।

अधिकांश महाविद्यालयों में पिछली बार भी मेरिट के आधार पर प्रवेश लिए गए थे। इसके अलावा कुछ महाविद्यालयों में सीधे प्रवेश भी हुए थे। इस वर्ष भी इसी तरह से प्रवेश होंगे। बरेली कॉलेज ने पोर्टल ओपन करने की तैयारी कर ली है। विश्वविद्यालय के निर्देश मिलते ही पोर्टल आवेदन के लिए खोल दिया जाएगा। कुलसचिव डा. राजीव कुमार ने बताया कि जल्द ही स्नातक तृतीय वर्ष का रिजल्ट जारी कर दिया जाएगा। इसके साथ ही महाविद्यालय में परास्नातक में प्रवेश संबंधी निर्देश भी जारी कर दिए जाएंगे।

बीएससी बॉयो में 15 सीटें पर प्रवेश
बरेली कॉलेज में स्नातक के सभी पाठ्यक्रमों में प्रवेश पूरे हो चुके हैं। बीएससी बायो में करीब 15 सीटें बाकी हैं। प्रवेश समन्वयक डा. वीपी सिंह ने बताया कि जो छात्र पांचवीं व छटी मेरिट में शामिल थे और किन्हीं कारणों से प्रवेश नहीं लिया था। वह बुधवार दोपहर 12 बजे तक कॉलेज में आकर प्रवेश ले सकते हैं। प्रवेश लेने वाले इन छात्रों को बायो ग्रुप में बायोटेक विषय लेना अनिवार्य होगा।

संबंधित समाचार