काशीपुर: 98.5 फीसदी लोगों की लगी वैक्सीन की पहली डोज
काशीपुर, अमृत विचार। स्वास्थ्य विभाग के अथक प्रयास से शहर और ग्रामीण क्षेत्र में 98.5 प्रतिशत लोगों को प्रथम डोज लगाई जा चुकी है। संयुक्त मजिस्ट्रेट ने शेष लोगों का भी शीघ्र टीकाकरण करने के निर्देश दिए हैं। दरअसल मार्च 2020 से कोरोना महामारी की पहली लहर शुरू हुई थी। इस दौरान लोगों को भारी …
काशीपुर, अमृत विचार। स्वास्थ्य विभाग के अथक प्रयास से शहर और ग्रामीण क्षेत्र में 98.5 प्रतिशत लोगों को प्रथम डोज लगाई जा चुकी है। संयुक्त मजिस्ट्रेट ने शेष लोगों का भी शीघ्र टीकाकरण करने के निर्देश दिए हैं।
दरअसल मार्च 2020 से कोरोना महामारी की पहली लहर शुरू हुई थी। इस दौरान लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। इसके बाद 2021 में भी दूसरी लहर लोगों पर भारी पड़ी है। जिससे प्रभावित होकर भारी संख्या में लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। कई परिवारों में अभिभावकों की मृत्यु होने पर बच्चे अनाथ हो चुके हैं।
जिस पर काबू पाने के लिए शासन के निर्देश पर प्रथम चरण में 16 फरवरी 2020 से स्वास्थ्य कर्मियों को टीकाकरण अभियान शुरू हुआ था। इसके बाद बुजुर्गो को टीका लगाया गया। सितंबर-अक्तूबर 2021 से तीसरी लहर की संभावना है, जो बच्चों के लिए घातक बताई जा रही है। सरकार ने इस लहर के शुरू होने से पूर्व सभी को वैक्सीन लगाने के निर्देश दिए हैं।
काशीपुर में शहर की अपेक्षा ग्रामीण क्षेत्र में टीकाकरण कम हो रहा था। संयुक्त मजिस्ट्रेट आकांक्षा वर्मा के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने दोनों क्षेत्रों में केंद्र बढाए और मोबाइल टीम के माध्यम से भी लोगों को टीका लगाया गया। कोरोना नोडल अधिकारी डॉ. अमरजीत सिंह साहनी ने बताया कि शहरी क्षेत्र में 18 वर्ष से ऊपर की करीब 1 लाख 19 हजार 109 की आबादी है। इनमें से 1 लाख 16 हजार 594 लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है। यहां 97.8 फीसदी लोगों को वैक्सीन वैक्सीन की पहली डोज लगाई गई।
ग्रामीण क्षेत्र में 18 वर्ष से ऊपर 76 हजार 690 लोगों की आबादी है। इनमें से 75 हजार 247 लोगों को पहला टीका लगाया जा चुका है। यहां 98.1 प्रतिशत वैक्सीनेशन का कार्य हो चुका है। डॉ. अमरजीत ने बताया कि दोनों क्षेत्र में कुल 98.5 प्रतिशत लोगों को पहली डोज लगाई जा चुकी है। यह आंकड़ा सोमवार तक का है। काशीपुर में लक्ष्य पूरा कर लिया गया है। शीघ्र ही शिविर बंद कर केंद्र बनाए जाएंगे।
इन केंद्रों पर लगाई गई कोविशील्ड व कोवैक्सीन
बुधवार को ब्लॉक के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में 18 से अधिक आयु के लोगों को कोविशील्ड की प्रथम व द्वितीय डोज एसडीएच काशीपुर, प्रेक्षा गृह, यूपीएचसी अल्लीखां, यूपीएचसी महेशपुरा, मस्जिद गोसिया मोहल्ला खालसा, काजीबाग, पीएचसी नारायण नगर, ढकिया, परमानंदपुर, महुआखेड़ागंज, समस्त सब केंद्र ग्रामीण और उदयराज हिंदू इंटर कॉलेज में कोवैक्सीन की द्वितीय डोज लगाई गई।
