बरेली: 100 रुपये के 897 नकली नोटों के साथ दो गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। बहेड़ी क्षेत्र में कई दिनों से 100 रुपये के नकली नोट बाजार में चलाए जा रहे थे। सूचना पर पुलिस ने मामले की जांच करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से 100 रुपये के 897 नकली नोट बरामद हुए हैं। पुलिस पूछताछ में उन्होंने कई राज पुलिस को …

बरेली, अमृत विचार। बहेड़ी क्षेत्र में कई दिनों से 100 रुपये के नकली नोट बाजार में चलाए जा रहे थे। सूचना पर पुलिस ने मामले की जांच करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से 100 रुपये के 897 नकली नोट बरामद हुए हैं। पुलिस पूछताछ में उन्होंने कई राज पुलिस को बताए हैं।

बहेड़ी थाने में तैनात दरोगा महेंद्र कुमार ने बताया कि चौकी चुरेली डाम क्षेत्र में लगातार नकली नोट मिलने की सूचनाएं आ रही थीं। जिसके बाद से वह और उनके साथ दरोगा धर्मेंद्र नकली नोटों का काम करने वाले लोगों की तलाश में जुट गए। बुधवार की देर रात पुलिस ने बोंडा चौराहे के पास से दो लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस ने जब उनकी तलाशी ली तो उनके पास से 100 रुपये के 897 नकली नोटों बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने अपना नाम शफीक पुत्र सिद्दीक अहमद, दौलत उर्फ बाबू पुत्र ओमप्रकाश निवासी गण डियोरी नानकमत्ता उधम सिंह नगर बताया। आरोपियों ने बताया कि वह सिसई खेड़ा के रहने वाले लाडो नाम के युवक से नकली नोट खरीद कर लाते थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है। वहीं लाडो की तलाश की जा रही है। पुलिस की एक टीम उसे गिरफ्तार करने के लिए लगा दी गई है।

30 हजार के लाते थे एक लाख
पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि वह 30 हजार रुपए में एक लाख रुपए के नकली नोट खरीदते थे। जिनको वह ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को 3 हजार रुपये के बदले में 10 हजार के नकली नोट बेचा करते थे। वह लोग लंबे समय से यह काम कर रहे थे।

उत्तराखंड से चल रहा है नकली नोट का कारोबार
पुलिस ने बताया कि पकड़े गए शरीफ और दौलत उर्फ बाबू से अब तक की पूछताछ में यही पता चला है कि नानकमत्ता से ही नकली नोटों का कारोबार चल रहा है। पुलिस ने बताया कि सिसई खेड़ा के रहने वाले लाडो को गिरफ्तार करने के बाद आगे की कड़ी जोड़ी जाएगी।

संबंधित समाचार