बरेली: करीबी ने की है जरी कारोबारी से लूट
बरेली, अमृत विचार। जरी कारीगर के घर हुई पांच लाख रुपये की लूट की वारदात को अंजाम देने वाला कोई करीबी ही है। उसे पता था कि उनकी गली में जाने से पहले कहां-कहां सीसीटीवी लगा है। वारदात के लिए चार लोग गली में घुसे लेकिन एक भी आरोपी आसपास के कैमरे में कैद नहीं …
बरेली, अमृत विचार। जरी कारीगर के घर हुई पांच लाख रुपये की लूट की वारदात को अंजाम देने वाला कोई करीबी ही है। उसे पता था कि उनकी गली में जाने से पहले कहां-कहां सीसीटीवी लगा है। वारदात के लिए चार लोग गली में घुसे लेकिन एक भी आरोपी आसपास के कैमरे में कैद नहीं हुआ। दूसरी बड़ी बात है कि वारदात के समय बदमाश कभी नाम लेकर बात नहीं करते हैं। इससे साफ है कि जिस नाम से बदमाश एक-दूसरे को बुला रहे थे, वह उनके असली नाम नहीं है।
गुरुवार रात बारादरी थाना क्षेत्र के रबड़ी टोला में जरी कारीगर राशिद के घर में पहली मंजिल पर पत्नी फरीना, छह वर्षीय बेटा रजा मौजूद थे। उनके साथ काम करने वाला इस्लाम चाय लेने के लिए घर से बाहर गया था। घर का मुख्य द्वार खुला था। इसी बीच चार बदमाश घर के अंदर दाखिल हो गए। आरोपियों ने राशिद के साथ उसके परिवार को बंधक बना लिया और लगभग दो घंटे तक वहां रुककर लूटपाट की।
बदमाश वहां से 20 हजार रुपये की नकदी और लगभग पांच लाख का जेवर लूटकर ले गए जिस तरह से बदमाशों ने वारदात की, उससे साफ जाहिर है कि वह उस पूरे इलाके से वाकिफ थे। उन्हें हर रास्ते और वहां लगे सीसीटीवी कैमरों तक की जानकारी थी। पुलिस भी मान रही है कि किसी जानकार ने ही वारदात को अंजाम दिया है। मामले के खुलासे के लिए पुलिस की चार टीमें लगा दी गई हैं।
चाकू के फिंगर प्रिंट भी मैच कराएगी पुलिस
घटना के बाद जांच-पड़ताल के दौरान पुलिस को उसी गली से एक चाकू मिला था जिस गली से बदमाश फरार हुए थे। बताया जा रहा है कि यह चाकू बदमाशों ने घटना में इस्तेमाल किया था। पुलिस ने शुक्रवार को चाकू को फोरेसिंक टीम के पास फिंगर प्रिंट जांचने के लिए भेजा है।
लूट की वारदात के खुलासे के लिए चार टीमों को लगाया गया है। पुलिस आस-पास लगे सीसीटीवी को खंगाल रही है। जल्द ही खुलासे का प्रयास किया जा रहा है। -रवींद्र कुमार, एसपी सिटी
