19 सितंबर को पहली बार हल्द्वानी आ रहे हैं केजरीवाल, जानें सुबह से शाम तक का प्लॉन
हल्द्वानी, अमृत विचार। उत्तराखंड की राजनीति में भाजपा, कांग्रेस के साथ 2022 विधानसभा चुनाव की तैयारियों में आम आदमी पार्टी ने भी पूरी ताकत झौंक दी है। इसी क्रम में कुमाऊं के प्रवेश द्वार हल्द्वानी में 19 सितंबर को पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की पदयात्रा होनी है। देहरादून में मुफ्त बिजली की घोषणा …
हल्द्वानी, अमृत विचार। उत्तराखंड की राजनीति में भाजपा, कांग्रेस के साथ 2022 विधानसभा चुनाव की तैयारियों में आम आदमी पार्टी ने भी पूरी ताकत झौंक दी है।
इसी क्रम में कुमाऊं के प्रवेश द्वार हल्द्वानी में 19 सितंबर को पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की पदयात्रा होनी है। देहरादून में मुफ्त बिजली की घोषणा के बाद अब अरविंद केजरीवाल से आम जनता को राहत देने वाले दूसरे एलान का इंतजार किया जा रहा है।
पार्टी कार्यकर्ताओं का कहना है कि अरविंद केजरीवाल रविवार सुबह करीब 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक हल्द्वानी में रहेंगे। कार्यक्रम को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने पूरी तैयारियां कर ली हैं। माना जा रहा है कि पदयात्रा के दौरान केजरीवाल कार्यकर्ताओं में जोश भरने के साथ साथ जनता के लिए भी लोकलुभावन घोषणा कर सकते हैं।
तय कार्यक्रम के अनुसार, अरविंद केजरीवाल दिल्ली से सुबह करीब 10:30 बजे पंतनगर एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां से कार से करीब 11 बजे काठगोदाम में स्थित सर्किट हाउस पहुंचेंगे। इसके बाद वाटिका बरात घर में दोपहर करीब 12 बजे पत्रकारों से बातचीत करेंगे। बुद्ध पार्क के पास केजरीवाल शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। इसके बाद वह करीब 12:30 बजे लक्ष्मी शिशु मंदिर से रामलीला मैदान तक पदयात्रा में शामिल होंगे। करीब तीन बजे केजरीवाल पंतनगर एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे।
इस मौके पर उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022 में मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित किए गए कर्नल अजय कोठियाल समेत पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।
