बरेली: व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की परीक्षा के प्रश्नपत्र के प्रारूप जारी
बरेली, अमृत विचार। छात्रों की परेशानी दूर करने के लिए एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने व्यावसायिक वार्षिक व सम सेमेस्टर पाठ्यक्रमों की परीक्षाओं के प्रश्नपत्र के प्रारूप जारी कर दिए हैं। 22 सितंबर से शुरू हो रही सभी परीक्षाओं का समय डेढ़ घंटा निर्धारित किया गया है। परीक्षा के समय में कमी के चलते प्रश्नपत्रों में …
बरेली, अमृत विचार। छात्रों की परेशानी दूर करने के लिए एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने व्यावसायिक वार्षिक व सम सेमेस्टर पाठ्यक्रमों की परीक्षाओं के प्रश्नपत्र के प्रारूप जारी कर दिए हैं। 22 सितंबर से शुरू हो रही सभी परीक्षाओं का समय डेढ़ घंटा निर्धारित किया गया है। परीक्षा के समय में कमी के चलते प्रश्नपत्रों में प्रश्नों की संख्या भी लगभग आधी की गई है, ताकि छात्रों को प्रश्नपत्र हल करने में किसी प्रकार की दिक्कत न हो। मुख्य परीक्षाओं की तरह ही प्रश्नपत्र तैयार किए गए हैं।
दैनिक अमृत विचार ने करीब एक सप्ताह पहले ही प्रश्नपत्रों के प्रारूप के संबंध में खबर प्रकाशित की थी। कुलपति की अनुमति के बाद परीक्षा नियंत्रक ने इसे जारी कर दिया है। परीक्षा नियंत्रक अशोक कुमार अरविंद ने बताया कि विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में संचालित व्यावसायिक वार्षिक व सम सेमेस्टर परीक्षा 2021 कराये जाने के संबंद्ध में अपर सचिव उच्च शिक्षा और बार काउंसिल ऑफ इंडिया के दिशा-निर्देशों के तहत प्रश्नपत्रों का प्रारूप तैयार किया गया है। प्रश्नपत्रों का प्रारूप तैयार करने के लिए एक समिति गठित की गई थी। समिति की रिपोर्ट पर कुलपति प्रो. केपी सिंह ने अनुमोदन प्राप्त कर दिया है।
इसके तहत एलएलबी में इससे पहले छात्रों को पांच प्रश्न हल करने होते थे लेकिन इस बार तीन प्रश्न हल करने होंगे। एलएलबी और बीएएलएलबी का प्रश्नपत्र 90 अंक का होगा, जिसमें एक प्रश्न के 30 अंक होंगे। एलएलएम में 80 अंक का प्रश्नपत्र होगा, जिसमें दो हल करने होंगे। एमएससी गृह विज्ञान का प्रश्नपत्र 100 अंक का होगा, जिसमें तीन प्रश्न हल करने होंगे। एमएससी माइक्रोबॉयोलॉजी और बायोटेक्नोलॉजी में सेक्शन ए में 30-30 अंक के दो, बी में 10-10 अंक के तीन और सी में 2-2 अंक के सभी प्रश्न हल करने होंगे। इसी तरह से अन्य प्रश्नपत्रों के प्रारूप तैयार किए गए हैं।
सेक्शन में भी बांटे गए प्रश्नपत्र
बीएससी गृह विज्ञान का 75 अंक का प्रश्नपत्र होगा। सेक्शन ए में 35 अंक के दो प्रश्न, सेक्शन बी में 20 अंक के दो प्रश्न और सेक्शन सी में सभी प्रश्न हल करने होंगे और एक प्रश्न के अंक चार होंगे। इसी तरह से बीएससी ऑनर्स फिजिक्स व केमेस्ट्री में प्रश्नपत्र तीन सेक्शन का होगा। सेस्शन ए में 5-5 अंक के दो प्रश्न, बी में 10-10 अंक के दो प्रश्न और सी में 20 अंक का एक प्रश्न हल करना होगा।
बीएससी ऑनर्स जुलॉजी, बॉटनी और मैथ में प्रश्नपत्र 50 अंक का होगा। इसमें सेक्शन ए में 5-5 अंक के दो प्रश्न, बी में 8-8 अंक के तीन प्रश्न और सी में 16 अंक का एक प्रश्न हल करना होगा। बीकॉम ऑनर्स का 50 अंक का प्रश्नपत्र तैयार किया गया है, सेक्शन ए में 15-15 अंक के दो प्रश्न, बी में 5-5 अंक के तीन प्रश्न और सी में 5-5 अंक के सभी प्रश्न हल करने होंगे। बीबीए का 70, बीएससी कम्प्यूटर साइंस का 50, बीपीएड का 80, बीएड का 40, एमएड का 80 और तैयार किया गया है। इनमें भी सेक्शन बांटे गए हैं। छात्र विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अधिक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
