बरेली: नाले के कटान से हवा में लटका बिजली का पोल
बरेली, अमृत विचार। शहर में नगर निगम की लापरवाही हजारों उपभोक्ताओं के लिए परेशानी का सबब बन गई है। हरूनगला में बढ़ते हुए नाले के कटान की वजह से बिजली के पोल की जमीन खिसक गई है। इसके कारण पोल हाईटेंशन लाइन के भरोसे हवा में लटक गए हैं। हाल ये है कि तार एक …
बरेली, अमृत विचार। शहर में नगर निगम की लापरवाही हजारों उपभोक्ताओं के लिए परेशानी का सबब बन गई है। हरूनगला में बढ़ते हुए नाले के कटान की वजह से बिजली के पोल की जमीन खिसक गई है। इसके कारण पोल हाईटेंशन लाइन के भरोसे हवा में लटक गए हैं। हाल ये है कि तार एक मकान पर भी गिर चुके हैं।
पोल की वजह से करीब आधा दर्जन मुहल्लों में बिजली कटौती भी होती रहती है। इसके अलावा हाईटेंशन लाइन टूटने से हादसे का भी खतरा रहता है। क्षेत्रवासियों ने जिलाधिकारी समेत बिजली विभाग के अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर बिजली के पोल को सही कराने की मांग की है।
सब स्टेशन महानगर से 33 केवी बिजली लाइन बीसलपुर रोड से होते हुए महानगर को जाती है। 9 जून को एक तेल का टैंकर अनियंत्रित होकर नाले को क्षतिग्रस्त करते हुए गिर गया था। इसके बाद नगर निगम ने नाले को दोबारा ठीक करने का आश्वासन दिया था। लेकिन नगर निगम की तरफ से अधूरे नाले का निर्माण कराकर छोड़ दिया गया है। 8 अगस्त को 33 केवी लाइन का एक पोल मिट्टी के कटान की वजह से बिजली के तारों पर हवा में लटक गया।
कुछ दिन पहले बीसलपुर रोड पर ही एक भवन की दीवार पर हवा में लटके पोल की एचटी लाइन छू गई थी। तब बड़ा हादसा होते हुए बचा था। बिजली महकमे ने नगर निगम को भेजे पत्र में भी पोल के गिरने या हाईटेंशन लाइन टूटने से बड़ा हादसा होने का खतरा जताया है।
