दहेज में नहीं मिली कार तो विवाहिता के साथ की मारपीट, रिपोर्ट दर्ज
काशीपुर, अमृत विचार। दहेज में क्रेटा कार या 18 लाख रुपए नहीं लाने पर ससुराल वालों ने विवाहिता के साथ मारपीट की। विवाहिता ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने पति सहित पांच लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मोहल्ला सुभाष नगर शुगर फैक्ट्री …
काशीपुर, अमृत विचार। दहेज में क्रेटा कार या 18 लाख रुपए नहीं लाने पर ससुराल वालों ने विवाहिता के साथ मारपीट की। विवाहिता ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने पति सहित पांच लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मोहल्ला सुभाष नगर शुगर फैक्ट्री रोड निवासी रुमिता मित्तल ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी शादी पिछले साल 10 दिसंबर को रवीश मित्तल निवासी धामपुर, जिला बिजनौर के साथ हुआ था। शादी के समय ससुरालियों को दहेज के रूप में 10 लाख रुपए दिए थे। इसके अलावा परिवार वालों ने 2 लाख 50 हजार की ज्वैलरी और बाद में 2 लाख 50 हजार रुपए का अन्य सामान उपहार स्वरूप दिया था। कुल मिलाकर शादी में करीब 15 लाख रुपए खर्च हुए थे।
शादी के कुछ दिन तक ससुराल वालों का व्यवहार सही रहा। परंतु कुछ दिनों बाद उसके पति रवीश मित्तल, ससुर पृथ्वीराज मित्तल, जेठ अश्विनी मित्तल, जेठानी रत्ना मित्तल कम दहेज लाने का ताना देकर प्रताड़ित करने लगे। ससुराल वाले दहेज में एक बड़ी गाड़ी क्रेटा कार या 18 लाख रुपए के लिए दबाव बनाने के लिए मारपीट और प्रताड़ित करने लगे। पीड़िता ने बताया कि 19 मई 2021 को उसका पति नोएडा में अपने दोस्त के घर ले गया। वहां पर वह करीब एक हफ्ते तक रही। इस दौरान उसके पति ने शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना शुरू कर दी। साथ ही अपनी मां के इलाज के लिए 5 लाख लाने के लिए दबाव बनाने लगा।
यदि उसका पति बाहर जाता तो वह घर में ताला लगा कर जाता था। साथ ही उसे 14वीं मंजिल से आत्महत्या के लिए उकसाया जाता था। ससुराल वालों की प्रताड़ना से तंग आकर 28 मई 2021 को नोएडा से अपने घर काशीपुर आ गई। पीड़िता ने अपनी जान का खतरा बताते हुए कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाही की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति रवीश मित्तल, ससुर पृथ्वीराज मित्तल, सास कमला मित्तल, जेठ अश्विनी मित्तल, जेठानी रत्ना मित्तल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
