सीतापुर: विवाद में युवक की पीटकर हत्या, मृतक का भाई, भाभी व भतीजी भी घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सीतापुर। थाना क्षेत्र में सोमवार की शाम घूरे पर मिट्टी डालने को लेकर दो पक्षों में हुए विवाद के बाद दबंगों ने लाठियों से पीटकर एक युवक की हत्या कर दी और उसके भाई, भाभी व भतीजी को गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। घायलों को पिसावा सीएचसी ले जाया गया। जबकि मृतक को जिला …

सीतापुर। थाना क्षेत्र में सोमवार की शाम घूरे पर मिट्टी डालने को लेकर दो पक्षों में हुए विवाद के बाद दबंगों ने लाठियों से पीटकर एक युवक की हत्या कर दी और उसके भाई, भाभी व भतीजी को गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। घायलों को पिसावा सीएचसी ले जाया गया। जबकि मृतक को जिला अस्पताल में पहुंचाया गया था। जहां उसे मृत घोषित किया गया था। पुलिस का कहना है कि मामले में केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

पिसावा थाना क्षेत्र के ठाकुरेपुर गांव निवासी शिवराम के घूरे पर गांव के ही अवधेश, लल्ला आदि मिट्टी डाल रहे थे। इसकी जानकारी होने पर शिवराम के 45 वर्षीय बेटे वीरेश ने इसका विरोध किया। जिसके चलते विपक्षी फौजदारी पर आमादा हो गए। दोनों पक्षों में गाली गलोज हुई। बात बढ़ी तो दोनों तरफ से लोग इकट्ठा हो गए। जिसके बाद वीरेश के ऊपर उसके विरोधियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में वीरेश गंभीर रूप से घायल हुआ। साथ ही उसका भाई रामखेलावन, भाभी रामपति व आठ साल की भतीजी राधा भी घायल हुई।

घायलों को सीएचसी ले जाया गया। जहां वीरेश की गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजनों के मुताबिक जिला अस्पताल में वीरेश की मौत हो गई। मारपीट में दूसरे पक्ष के लोगों को भी चोटें आई हैं। घटना को लेकर थाना अध्यक्ष कुंवर बहादुर सिंह का कहना है कि मारपीट का मुकदमा दर्ज कर लिया गया था। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा तरमीम कर दिया जाएगा।

संबंधित समाचार