बरेली: स्नातक में टूटा प्रवेश का रिकॉर्ड

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय में स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश का रिकार्ड टूट गया है। बीते दो वर्षों से अधिक प्रवेश 20 सितंबर तक स्नातक प्रथम वर्ष में हो चुके हैं। अभी एक सप्ताह में काफी संख्या में प्रवेश होने बाकी हैं। जानकारी के मुताबिक सत्र 2020-21 में स्नातक व परास्नातक में 1 …

बरेली, अमृत विचार। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय में स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश का रिकार्ड टूट गया है। बीते दो वर्षों से अधिक प्रवेश 20 सितंबर तक स्नातक प्रथम वर्ष में हो चुके हैं। अभी एक सप्ताह में काफी संख्या में प्रवेश होने बाकी हैं। जानकारी के मुताबिक सत्र 2020-21 में स्नातक व परास्नातक में 1 लाख 71 हजार प्रवेश हुए थे, जिसमें 1 लाख 49 हजार प्रवेश स्नातक में हुए थे।

इसी तरह से सत्र 2019-20 में स्नातक और परास्नातक में 1 लाख 71 हजार प्रवेश हुए थे, जिसमें 1 लाख 35 हजार प्रवेश स्नातक प्रथम वर्ष में हुए हैं। जबकि इस वर्ष अभी तक स्नातक में ही 1 लाख 55 हजार से अधिक प्रवेश हो चुके हैं। इसके अलावा अभी परास्नातक में भी प्रवेश होने बाकी हैं। स्नातक में भी प्रवेश को एक सप्ताह का समय बचा है। विश्वविद्यालय ने स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाकर 27 सितंबर कर दी है। कुलसचिव डा. राजीव कुमार ने इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए हैं। महाविद्यालयों में परास्नातक में प्रवेश के दिशा-निर्देश भी तैयार हो गए हैं। मंगलवार को इस संबंध में सूचना जारी कर दी जाएगी।

कई छात्रों के प्रवेश न होने की वजह से विश्वविद्यालय प्रशासन ने एक सप्ताह की अवधि बढ़ा दी है। प्रवेश पंजीकरण के लिए छात्रों से 600 रुपये का विलंब शुल्क लिया जाएगा। विश्वविद्यालय में स्नातक प्रथम वर्ष में 1 अगस्त से प्रवेश शुरू हुए थे। विश्वविद्यालय ने 31 अगस्त से 100 रुपये पंजीकरण शुल्क के साथ प्रवेश किए। उसके बाद 6 सितंबर तक 400 रुपये और 13 सितंबर तक विलंब शुल्क के साथ प्रवेश निर्धारित किए थे।

महाविद्यालयों में प्रवेश न होने के चलते तिथियों में बढ़ोत्तरी की थी और 600 रुपये विलंब शुल्क के साथ 20 सितंबर अंतिम तिथि रखी थी। इसके बावजूद कई छात्र प्रवेश लेने से वंचित रह गए थे। इसके चलते विश्वविद्यालय ने अब छात्रों के प्रवेश 27 सितंबर तक करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। सोमवार शाम तक प्रवेश पंजीकरण के सापेक्ष सिर्फ 1 लाख 24 हजार छात्रों का ही शुल्क जमा हुआ था। अभी भी 31 हजार छात्रों का शुल्क जमा होना बाकी है। बीए में सबसे ज्यादा 96 हजार से अधिक और दूसरे नंबर पर बीएससी में 35 हजार से अधिक प्रवेश हुए हैं।

बीए तृतीय वर्ष का रिजल्ट जारी
विश्वविद्यालय ने सोमवार दोपहर को बीए तृतीय वर्ष का रिजल्ट जारी कर दिया। बीए तृतीय वर्ष में करीब 85 हजार छात्रों ने परीक्षा दी थी। विश्वविद्यालय ने दो दिन पहले ही बीकॉम और बीएससी तृतीय वर्ष का रिजल्ट जारी किया था। स्नातक तृतीय वर्ष के सभी पाठ्यक्रमों के रिजल्ट जारी होने के चलते अब परास्नातक में प्रवेश शुरू हो जाएंगे। विश्वविद्यालय जल्द ही स्नातक द्वितीय व परास्नातक अंतिम वर्ष के रिजल्ट जारी कर देगा।

इस वर्ष प्रवेश का रिकार्ड टूट गया है। बीते दो वर्षों से अधिक प्रवेश हुए हैं। स्नातक अंतिम वर्ष के सभी पाठ्यक्रमों के रिजल्ट जारी कर दिए गए हैं। परास्नातक में प्रवेश के निर्देश जारी कर दिए हैं। स्नातक में प्रवेश का समय एक सप्ताह बढ़ा दिया है। — प्रो. केपी सिंह, कुलपति रुविवि

संबंधित समाचार