लखीमपुर खीरी: बिजली संविदा कर्मी की मौत के मामले में चार के खिलाफ मामला दर्ज
मैगलगंज/औरंगाबाद-खीरी, अमृत विचार। औरंगाबाद पावर हाउस पर कार्यरत संविदाकर्मी संजय यादव की बिजली लाइन सही करने के दौरान करेन्ट की चपेट में आ जाने के चलते मौत हो गई थी। लापरवाही के चलते हुई इस घटना के बाद पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर तीन नामजद व एक अज्ञात के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत …
मैगलगंज/औरंगाबाद-खीरी, अमृत विचार। औरंगाबाद पावर हाउस पर कार्यरत संविदाकर्मी संजय यादव की बिजली लाइन सही करने के दौरान करेन्ट की चपेट में आ जाने के चलते मौत हो गई थी। लापरवाही के चलते हुई इस घटना के बाद पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर तीन नामजद व एक अज्ञात के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। औरंगाबाद क्षेत्र के फरिया पिपरिया गांव निवासी संजय यादव काफी समय से संविदा कर्मी के रूप में बिजली उपकेंद्र औरंगाबाद में कार्यरत था।
सोमवार शाम बिजली लाइन सही करने के दौरान एकाएक सप्लाई वापस आ जाने के चलते उसकी चपेट में आ गया था जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी। परिजनों ने इस घटना के बाद बिजली उपकेंद्र के कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया था। परिजन बिजली कर्माचारियों के विरुद्ध कार्यवाही की मांग करने लगे। परिजनों का कहना था कि जब तक आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज होने के बाद ही शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग कर रहे थे। स्थानीय पुलिस ने परिजनों को समझाने का लाख प्रयास किया लेकिन वह मानने को तैयार न हुए।
परिजन बिजली विभाग के अधिकारियों के मौके पर आने के बाद ही पोस्टमार्टम किए जाने की बात कहते रहे। घटना के कई घंटे बीत जाने के बाद किसी भी विद्युत अधिकारी ने परिजनों से मिलने तक की जरूरत नहीं समझी। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मंगलवार को बिजली उपकेंद्र औरंगाबाद जेई अशोक कुमार, एसडीओ मैगलगंज, एसएसओ समेत एक अन्य अज्ञात के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।
ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों की लापरवाही का शिकार हो रहे संविदा कर्मी
संविदा कर्मी भले ही अपनी जान जोखिम में डालकर क्षेत्र में लाइन ठीक करने का कार्य करते हैं लेकिन विद्युत आपूर्ति शट डाउन आदि का कार्य पावर हाउस पर बैठे कर्मचारियों के जिम्मे होता है लेकिन जब ऑफिस में कार्य करने वाले कर्मचारी ही धोखा दे दे तो भला संविदा कर्मी का क्या दोष। ऐसा ही कुछ हादसा मृतक संविदा कर्मी अनुरुद्ध कुमार यादव उर्फ संजय यादव के साथ घटित हुआ।
